26/04/25

ईरान के बंदर अब्बास शहर में भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, अब तक 516 लोगों के घायल होने की सूचना

नई दिल्ली, 26 अप्रैल (अभी): ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में भीषण विस्फोट के बाद भयानक आग लग गई है। सरकारी मीडिया की ओर से यह जानकारी दी गई है। भीषण विस्फोट होने से कम से कम 516 लोग घायल हो गए हैं। इससे पहले आपदा प्रबंधन अधिकारी मेहरदाद हसनजादेह ने ईरानी सरकारी टेलीविजन को बताया था कि विस्फोट में कुछ लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा था कि पहले बचावकर्मी उस क्षेत्र में पहुंचने की कोशिश कर रहे थे, जबकि अन्य लोग साइट को खाली करने का प्रयास कर रहे थे।

मेहरदाद हसनजादेह ने कहा कि विस्फोट शहर के राजाई बंदरगाह पर कंटेनरों में हुआ। सोशल मीडिया में आए वीडियो में काले धुएं का एक बड़ा गुबार दिखाई दिया। राजाई बंदरगाह मुख्य रूप से कंटेनर यातायात को संभालता है और इसमें तेल टैंक और अन्य पेट्रोकेमिकल सुविधाएं भी हैं। राजाई बंदरगाह ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 1,050 किलोमीटर दूर होर्मुज जलडमरूमध्य पर स्थित है। हॉर्मुज फारस की खाड़ी में एक संकरा मार्ग है, जिसके रास्ते 20 प्रतिशत तेल का व्यापार होता है।

बता दें कि, ईरान का सबसे व्यस्त और बड़ा बंदरगाह, बंदर अब्बास फारस की खाड़ी के उत्तरी तट पर स्थित है। यह बंदरगाह ईरान का मुख्य व्यापारिक केंद्र है और तेल निर्यात के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से दुनिया भर में विभिन्न वस्तुओं का निर्यात और आयात किया जाता है। यह ना सिर्फ ईरानी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि क्षेत्रीय और वैश्विक राजनीति में भी इसकी भूमिका बड़ी है। 

Previous

पंचायत चुनाव उम्मीदवारों को भी लंबित मामलों की जानकारी देना जरूरी, सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

Next

दिल्लीवालों को प्रदूषण से बचाने के लिए बॉर्डर एरिया में सुरक्षा कवच बना रही है सरकार