एशियाई गेम्स 2026: हरियाणा के कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड
चंडीगढ़ , 25 सितंबर (अभिकान्त) : जापान के नागोया में आयोजित एशियाई खेल 2026 (Asian Games 2026) में हरियाणा के निशानेबाजों ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में दूसरा स्वर्ण पदक (Gold Medal) डाल दिया।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में कुल 484.6 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया, जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 478.0 अंकों के साथ रजत और ईरान की टीम 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक जीतने में सफल रही। निशानेबाजों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।
रेवाड़ी के साधारण परिवार से आने वाले कमलजीत का शुरुआती सपना धावक (स्प्रिंटर) बनने का था। वर्ष 2019 में महज 15 साल की उम्र में ट्रेनिंग के दौरान लगी गंभीर चोट ने उनका एथलेटिक्स करियर रोक दिया। इसके बाद उन्होंने हार न मानते हुए पिस्टल शूटिंग चुनी। महंगे खेल के कारण आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा, लेकिन माता-पिता, चाचा और गांव के कोच के सहयोग से उन्होंने 50 मीटर और बाद में 10 मीटर एयर पिस्टल में अपनी जगह बनाई। वर्ष 2023 में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण और एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर वे राष्ट्रीय सीनियर टीम तक पहुंचे।
झज्जर जिले के सासरोली गांव की रहने वाली 20 वर्षीया सुरुचि इंदर सिंह फोगाट को उनका परिवार पहले कबड्डी खिलाड़ी बनाना चाहता था, लेकिन उन्होंने 13 साल की उम्र में शूटिंग का रास्ता चुना। वह अपने पिता और भाइयों के साथ गांव से भिवानी स्थित शूटिंग अकादमी तक ट्रेन से सफर तय करती थीं। जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक और कई आईएसएसएफ वर्ल्ड कप गोल्ड जीत चुकीं सुरुचि की इस जीत से पूरे झज्जर जिले में जश्न का माहौल है। जिला खेल अधिकारी शतेंद्र कुमार ने इसे पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक बताया है।
एशियाई खेलों से रोहतक के लिए भी खुशखबरी आई है। किलोई गांव की बहू सुचिका ने 60 किलोग्राम मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कांस्य पदक जीता है। सुचिका की इस उपलब्धि पर किलोई गांव में परिजनों ने मिठाई बांटकर और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी व्यक्त की।
#AsianGames2026 #Kamaljeet #SuruchiShooter #10mAirPistol #HaryanaSports #Nagoya2026 #GoldMedal #DanikKhabar
Previous
हरियाणा STF ने मलयेशिया से डिपोर्ट होकर भारत लाया गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात शूटर, मांगे थे 8 करोड़ की रंगदारी
Next