• 25/09/26

हरियाणा STF ने मलयेशिया से डिपोर्ट होकर भारत लाया गया लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात शूटर, मांगे थे 8 करोड़ की रंगदारी

हरियाणा , 24 सितंबर (अभिकान्त) : हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कामयाबी हासिल की है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े महज 21 वर्षीय कुख्यात अपराधी रवि उर्फ एलियस उचानी को मलयेशिया से डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार कर लिया गया है। रवि मूल रूप से करनाल के उचानी गांव का रहने वाला है और साल 2024 से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था।

एसटीएफ के डीआईजी सुरिंद्र पाल सिंह ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को भारत लाने के लिए इंटरपोल (Interpol) और केंद्रीय एजेंसियों सहित अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद ली गई। मलयेशिया से डिपोर्ट होकर भारत पहुँचते ही उसे एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।

एसटीएफ के मुताबिक, रवि मलयेशिया में सुरक्षित ठिकाने पर बैठकर फोन के जरिए भारत के व्यापारियों और राजनेताओं को धमकाकर रंगदारी मांग रहा था। उसने झारखंड के रांची स्थित एक बड़े कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगी थी। इस मामले की जांच के दौरान रांची पुलिस को एक अहम सुराग मिला—रंगदारी मांगने वाला व्यक्ति हरियाणवी लहजे में बात कर रहा था। इसके बाद रांची पुलिस ने हरियाणा एसटीएफ से संपर्क साधा, जिससे रवि की संलिप्तता का खुलासा हुआ और उसके खिलाफ शिकंजा कसना शुरू हुआ।

इसके अलावा, रवि ने राजस्थान में एक पूर्व विधायक और वरिष्ठ राजनेता से भी करीब 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की है। वर्ष 2026 में जयपुर के मालवीय नगर में 3 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में भी उसके खिलाफ बीएनएस (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रवि के खिलाफ फिलहाल रंगदारी और एक्सटॉर्शन से जुड़े 3 FIR दर्ज हैं।

जाँच में सामने आया है कि रवि केवल धमकियां ही नहीं दे रहा था, बल्कि वारदातों को अंजाम देने के लिए जमीनी स्तर पर लड़कों को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर शूटर भी तैयार कर रहा था। वह विदेश में बैठकर ही इन शूटरों को हथियार उपलब्ध कराता था।

उस पर रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर स्थित एक टोल प्लाजा पर हुई फायरिंग की गंभीर घटना में शूटर उपलब्ध कराने का आरोप है। इसके अलावा, उसने कुरुक्षेत्र और रांची में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए शूटरों की व्यवस्था की थी, जिसमें उनके ठहरने और लॉजिस्टिक का खर्च भी वह स्वयं वहन कर रहा था।

एसटीएफ ने बताया कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्ज एक मामले में आरोपी के 4 साथी पहले ही हथियारों के साथ गिरफ्तार किए जा चुके हैं, और रवि इस मामले में पांचवां आरोपी है। रवि गलत संगति में पड़कर अपराध की दुनिया में दाखिल हुआ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सुनील मीणा (जो वर्तमान में भारत की जेल में बंद है) के संपर्क में आया था।

पुलिस अब रिमांड के दौरान रवि उचानी से उसके अन्य संपर्कों, देश भर में फैले उसके नेटवर्क और उसके द्वारा अंजाम दी गई अन्य वारदातों के बारे में कड़ी पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि उसकी पूछताछ से बिश्नोई गैंग के विदेशी नेटवर्क और स्थानीय शूटरों के बारे में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

#HaryanaSTF #LawrenceBishnoiGang #RaviUchani #Extortion #Deportation #Malaysia #CrimeNews #HaryanaNews #DainikKhabar

Next

एशियाई गेम्स 2026: हरियाणा के कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड