15/02/26

यमुनानगर: फौजी की पत्नी की घर में घुसकर निर्मम हत्या, सोते समय गर्दन पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

हरियाणा/यमुनानगर, 15 फ़रवरी (अन्‍नू): यमुनानगर के थाना छप्पर इलाके के अंतर्गत आने वाले गांव भंभोल में शनिवार की आधी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सेना के जवान की पत्नी की उसके मायके में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर ने सोते समय महिला पर चाकू से हमला किया और वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घायल महिला को आनन-फानन में जगाधरी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


मृतक महिला की पहचान 34 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है जब मोनिका अपने कमरे में गहरी नींद में थी। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर दीवार फांदकर या किसी अन्य रास्ते से घर में दाखिल हुआ और मोनिका की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। मोनिका की चीख पुकार सुनकर जब तक परिवार के लोग उसके कमरे की तरफ दौड़े, हमलावर वहां से भाग चुका था। कमरे का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे।


अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, मोनिका की गर्दन की नस कट जाने और बहुत अधिक रक्तस्राव होने की वजह से उसे बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस को मौके से एक खून से सना चाकू भी मिला है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिल का सुराग मिल सके।



परिजनों ने बताया कि मोनिका की शादी लगभग 10 साल पहले अंबाला के कलरेड़ी निवासी जसवीर सिंह के साथ हुई थी। जसवीर भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। मोनिका पिछले तीन सालों से अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ मायके भंभोल में ही रह रही थी। इस दुखद खबर के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


#YamunanagarCrime #HaryanaPolice #MurderNews #ArmyWifeMurder #CrimeUpdate #HaryanaNews #JusticeForMonika #LocalNews

Previous

पुरानी अनाज मंडी में एकजुटता की जीत: सुशील गोयल सर्वसम्मति से निर्वाचित, नई कार्यकारिणी का गठन

Next

यमुनानगर फायरिंग केस: अस्पताल से छुट्टी के बाद बदमाशों की कोर्ट में पेशी, रिमांड के दौरान खुलेंगे रंगदारी और गैंग कनेक्शन के राज