यमुनानगर: मानदेय न मिलने से भड़कीं आंगनवाड़ी वर्कर्स; जिला मुख्यालय पर सांकेतिक धरना देकर सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
जे कुमार यमुनानगर/जगाधरी, 16 अप्रैल 2026: अपनी लंबित मांगों और पिछले कई महीनों से रुके हुए मानदेय को लेकर आज जिले भर की आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स का गुस्सा फूट पड़ा। 'आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन (रजि. 1442)' के बैनर तले सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया और सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं वर्कर्स: यूनियन की जिला प्रधान कमलेश देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस धरने में छछरौली, रादौर, बिलासपुर, जगाधरी ग्रामीण और मुस्तफाबाद ब्लॉकों से भारी संख्या में महिलाएं पहुँचीं। प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप है कि केंद्र सरकार का हिस्सा पिछले सात महीने से लंबित है, वहीं राज्य सरकार ने भी मार्च महीने का मानदेय जारी नहीं किया है।
जेब से भर रही हैं केंद्रों का किराया और गैस: आंगनवाड़ी प्रधान ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि यह समय बच्चों के स्कूल दाखिले और किताबों पर होने वाले खर्च का है, लेकिन मानदेय न मिलने से वे पाई-पाई को मोहताज हैं। उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया कि पिछले डेढ़ साल से केंद्रों का किराया और दो साल से गैस सिलेंडर का खर्च वर्कर्स अपनी जेब से भर रही हैं, जिसका भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है।
बाइट: कमलेश देवी, जिला प्रधान
“सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है, लेकिन हकीकत में हमें सात-सात महीने तक मानदेय नहीं मिलता। घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। हम अपनी जेब से किराया और गैस भर रहे हैं। यदि सरकार ने हमारी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया, तो हम अपने आंदोलन को और तेज करने पर मजबूर होंगे।”
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन: धरने के अंत में प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त (DC) के माध्यम से विभाग के उच्च अधिकारियों के नाम एक मांग पत्र सौंपा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मानदेय और अन्य बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में जिले की समस्त आंगनवाड़ी वर्कर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल और उग्र आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगी।
#YamunanagarNews #AnganwadiProtest #HaryanaNews #WomenRights #HonorariumIssue #PublicOutcry #GovernmentApathy #JagadhriNews #SocialWelfare #AnganwadiWorkers #DemandForJustice #BreakingNewsHaryana #FinancialCrisis #UnionProtest #AdministrationUpdate
Previous
यमुनानगर: 'नारी शक्ति वंदन' स्कूटी रैली के जरिए महिलाओं ने जताया प्रधानमंत्री का आभार; विधायक ने दिखाई हरी झंडी
Next