वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जोबनेर के बस्सी झाझड़ा में हुआ आयोजन
एन.एस. बाछल, 13 जून, जयपुर।
आगामी वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान अन्तर्गत राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी हरियालो राजस्थान अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न विभागों द्वारा पर्यावरण एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु बहुआयामी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कृषि विभाग द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत बस्सी झाझड़ा, पंचायत समिति जोबनेर तथा ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम ग्राम जोरपुरा, जोबनेर में आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान बस्सी झाझड़ा में कुल 20 कार्य (फार्म पॉन्ड, पाइपलाइन एवं गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना) एवं जोरपुरा में 9 कार्य स्वीकृत किए गए। डीबीटी के माध्यम से अनुदान राशि का हस्तांतरण हुआ, प्राकृतिक/जैविक/प्रीसिजन खेती एवं सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियों पर कार्यशालाएँ व प्रदर्शनी आयोजित हुई, पूर्व स्वीकृत कार्यों का अवलोकन एवं नवीन प्रस्तावों की स्वीकृति दी गई, पौधारोपण हेतु अग्रिम तैयारियाँ सुनिश्चित की गईं, कम्पोस्टिंग तकनीक का प्रचार-प्रसार किया गया, लघु सिंचाई संयंत्रों की प्रदर्शनी, किसान चौपाल, कृषि विज्ञान केंद्रों पर संगोष्ठियाँ एवं कृषि शिक्षा कार्यशालाएँ आयोजित की गई तथा विभागीय डिग्गियों की सफाई एवं पुनरुद्धार भी किया गया।
इसी क्रम में नगर निगम हेरिटेज, नगर परिषद, नगर पालिका, जयपुर विकास प्राधिकरण व राजस्थान हाउसिंग बोर्ड द्वारा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जल स्रोतों की सफाई, गरिमामयी दीप प्रज्वलन, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से साफ-सफाई एवं रख-रखाव कार्यक्रम, शहरी रोजगार योजना अंतर्गत पौधारोपण की तैयारी, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई, चिन्हित स्थलों पर प्लास्टिक कचरे का निस्तारण एवं नो बैग डे का आयोजन प्रमुख रूप से किया गया।
जिसमें जयपुर जिले की समस्त बावड़ी जल स्रोतों, सार्वजनिक पार्कों विशेषतः द्रव्यवती नदी की साफ-सफाई, अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नये कार्यादेश जारी किए गए एवं पूर्ण कार्यों का अवलोकन किया गया। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहयोग से शासकीय भवनों में स्थित वर्षा जल संरक्षण संरचनाओं की सफाई एवं रख-रखाव कार्य भी सम्पन्न हुए। यह समस्त गतिविधियाँ पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास के लक्ष्यों की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण पहल हैं, जिनमें विभागीय समन्वय एवं जनभागीदारी की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी जोबनेर डी. एस. चौहान, बीडीओ ताराचंद, संयुक्त निदेशक कृषि जयपुर के.सी. मीणा, उप निदेशक बागवानी हरलाल बिजारणिया, सहायक निदेशक कृषि डॉ. सुरेश कुमार यादव, कृषि अधिकारी दिनेश कुमावत, सरपंच बस्सी झाझड़ा दिनेश निठरवाल एवं प्रगतिशील किसान श्री खेमाराम मेहरिया सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।