युवा पीढ़ी को महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता: एसडीएम
जे कुमार, अम्बाला 8 अक्तूबर - हरियाणा सरकार की संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह का आयोजन एसडीएम कार्यालय अंबाला छावनी में किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम विनेश कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मुख्य अतिथि एसडीएम विनेश कुमार ने भगवान वाल्मीकि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीपशिखा प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मेंद्र कुमार व अन्य ने मुख्य अतिथि का यहां पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पौधा और शॉल भी भेंट की।
इस अवसर पर एसडीएम विनेश कुमार ने सभी को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान वाल्मीकि ने अपनी आध्यात्मिक शक्ति और ज्ञान से ऐसा ग्रंथ रचा जो मानव जीवन के आदर्शों पर आधारित है। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन का मार्गदर्शन करने वाला अमूल्य ग्रंथ है, जिसमें सत्य, मर्यादा और कर्तव्य जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। आज के समय में उनके विचार पहले से ओर अधिक प्रासंगिक हैं। समाज में बिना भेदभाव, एकता और भाईचारे की भावना को ओर मजबूत करने की आवश्यकता है।
एसडीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संतों-महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके उपदेशों व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक सोच एवं सामाजिक एकता की भावना मजबूत होती है।
इस मौके पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि हम सभी को महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन से प्रेरणा ले उनके आदर्शों का अपने जीवन में अनुसरण करना चाहिए। रामायण के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि जी ने समाज में सत्य, त्याग, निष्ठा, और धर्म के आदर्शों को स्थापित किया।
उन्होंने यह बताया कि समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब उसमें सभी के प्रति समानता और आदर की भावना हो। इस अवसर पर यादविंदर सिंह ने महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन पर प्रकाश डाला तथा कार्यक्रम में मंच संचालन की भूमिका लव कुमार ने बखूबी निभाया। इस मौके पर एआईपीआरओ अजीत सिंह, एसडीएम कार्यालय से सुपरिटेंडेंट संजीव कुमार, स्टेनो रीना गुप्ता, मीनू शर्मा, हरप्रीत के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें।
#ambala #News #sdmambala #