25/09/25

राष्ट्रपति 26 सितंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय भू-विज्ञान पुरस्कार 2024 प्रदान करेंगी

आरएस अनेजा, 25 सितम्बर नई दिल्ली - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 26 सितंबर को सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केन्द्र में आयोजित एक समारोह में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार (एनजीए) 2024 प्रदान करेंगी।

भारत सरकार के खान मंत्रालय द्वारा 1966 में स्थापित राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार (जिसे 2009 तक राष्ट्रीय खनिज पुरस्कार के रूप में जाना जाता था) भूविज्ञान के क्षेत्र में देश के सबसे पुराने एवं प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है।

इन पुरस्कारों का उद्देश्य खनिज की खोज एवं अन्वेषण, खनन प्रौद्योगिकी एवं खनिज संवर्धन, मौलिक/अनुप्रयुक्त भूविज्ञान जैसे भूविज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों और उत्कृष्ट योगदान के लिए व्यक्तियों और टीमों को सम्मानित करना है। खान मंत्रालय प्रतिवर्ष निम्नलिखित तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार प्रदान करता है:

(i) आजीवन उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार

(ii) राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार

(iii) राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार

वर्ष 2024 के लिए, मंत्रालय को तीनों पुरस्कार श्रेणियों में कुल 208 नामांकन प्राप्त हुए। तीन चरणों की कठोर जांच प्रक्रिया के बाद, इन तीन पुरस्कार श्रेणियों के अंतर्गत 12 पुरस्कारों को अंतिम रूप दिया गया है। इनमें 9 व्यक्तिगत और 3 टीम पुरस्कार शामिल हैं। ये 12 राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा 20 भूवैज्ञानिकों को प्रदान किए जायेंगे।

भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए) के वरिष्ठ वैज्ञानिक और आईआईएसईआर, पुणे के अतिथि प्राध्यापक (विजिटिंग प्रोफेसर) प्रोफेसर श्याम सुंदर राय को भूविज्ञान में उनके अनुकरणीय करियर और योगदानों के लिए आजीवन उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय भूविज्ञान पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय युवा भूवैज्ञानिक पुरस्कार भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के वरिष्ठ भूविज्ञानी सुशोभन नियोगी को भूविज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा।

इस पुरस्कार समारोह में देश भर के प्रख्यात भूवैज्ञानिक, विद्वान, नीति-निर्माता और अन्य प्रमुख गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। एनजीए 2024 के पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची संलग्न है।  

Previous

राज्यस्तरीय श्रमिक खेलकूद प्रतियोगिता में श्रम मंत्री अनिल विज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया

Next

भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं- शहरी सेवा शिविर में ई-मित्र का लाइसेंस किया निरस्त