जीएमएन कॉलेज के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेरिट लिस्ट में किया अव्वल स्थान प्राप्त
जे कुमार, अम्बाला 19 सितम्बर - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज अंबाला छावनी के राजनीतिक विज्ञान विभाग के चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मेरिट लिस्ट में आकार कॉलेज और शहर के लिए स्वर्णिम इतिहास रचा है।
धर्मेंद्र कुमार ने कुल 406 अंकों के साथ विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान हासिल किया है । छात्रा शिवांगी शर्मा ने 398 अंकों के साथ विश्वविद्यालय में चौथा स्थान हासिल किया। वही छात्रा अंकुर ने 391 अंकों के साथ विश्वविद्यालय में सातवां स्थान हासिल किया है और छात्रा रूशल ने 390 अंकों के साथ आठवे स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य डॉ रोहित दत्त ने कॉलेज का नाम स्वर्णिम अक्षरों में अंकित करने वाले सभी विद्यार्थियों का महाविद्यालय में अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके जैसे विद्यार्थी ही हमारा स्वाभिमान है जिनकी कुशलता के आधार पर महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अनूठे कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और समाज के लिए एक प्रेरणा और आदर्श का रूप बन रहा है।
डॉ दत्त ने कहा कि जीएमएन कॉलेज अपने विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक विषयों को कॉलेज प्रांगण में संचारित कर रहा है, जिससे विद्यार्थी उच्च स्तर पर रोजगार प्राप्त करके अपने जीवन के वास्तविक लक्ष्यों और उद्देश्यों की पूर्ति करते हुए एक आदर्श समाज के निर्माण और राष्ट्रीय उन्नति में अपनी सहभागिता स्थापित कर सके ।
उन्होंने कहा कि जीएमएन कॉलेज अपने विद्यार्थियों के चौमुखी विकास के लिए वचनबद्ध है। कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष डा. गुरदेव सिंह, महासचिव अजय अग्रवाल, जी.एम.एन. ट्रस्ट के अध्यक्ष जसवंत जैन और प्रबंधन सोसायटी के अन्य सदस्यों ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनकी इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि जी.एम.एन. कॉलेज शैक्षिक उत्कृष्टता का प्रतीक बना हुआ है, जो प्रतिभा को पोषित करता है और जीवन को बदलता है।इस अनूठी उपलब्धि के लिए प्राचार्य ने विभागाध्यक्ष डा. एस. एस. नैन, डा. राकेश कुमार, डा. कृष्ण पूनिया, डा. सरोज बाला, डा. तृप्ति शर्मा और लवप्रीत सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आप सभी के प्रयासों और प्रगाढ़ लग्न का परिणाम है।
#ambala #news #gmncollege #students #kurukshetra #university