20/09/25

नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं में पट्टे एवं चैक सौंपे

एन.एस.बाछल, 20 सितम्बर, जयपुर।

नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री झाबरसिंह खर्रा ने शुक्रवार को दौसा शहर के बारादरी मैदान में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को पट्टे एवं चैक सौंपे। 


झाबरसिंह खर्रा ने शिविर में उपस्थित लोगों को बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार ने शहरी एवं ग्राम सेवा शिविरों का आयोजन किया है। इनके माध्यम से भूमि पट्टा, भूमि विभाजन, नामान्तकरण, सफाई, नाली, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लैंप्स जैसे आवेदन प्राप्त कर आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। साथ ही, लम्बित प्रकरणों का निश्चित समय सीमा में निस्तारण की व्यवस्था की गई है। 

झाबरसिंह खर्रा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा इन शिविरों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना है। काम में पारदर्शिता एवं समयबद्धता के लिए आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाता है तो उसके लिए भी शिविरों में विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में गलती से कोई कमी रह गई हो तो उसे भी दुरुस्त कराकर नियमानुसार लाभ दिया जा रहा है। 

झाबरसिंह खर्रा ने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि पात्र एवं जरूरतमंद लोग शहरी सेवा शिविरों में पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लें। उन्होंने इन शिविरों का आमजन को समुचित फायदा दिलवाने में प्रबुद्धजन से सक्रिय भागीदार बनने का आग्रह किया।

नगरीय विकास एवं स्वायत शासन मंत्री ने लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के पट्टे और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं आवास योजना (शहरी) के चैक प्रदान किए।

#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan

Previous

डॉ अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना 2025-26 के तहत आवेदन आमंत्रित

Next

प्रदेश में 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' से 2 दिन में 2926 कॉल