28/03/25

नलवा निर्वाचन क्षेत्र में 1806 ढाणियां पहले से ही विद्युतीकृत, शेष का होगा नियमानुसार विद्युतीकरण- ऊर्जा मंत्री अनिल विज

आरएस अनेजा, चंडीगढ़ 28 मार्च

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि नलवा निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 1855 ढाणियां हैं, जिनमें से 1806 ढाणियां पहले से ही विद्युतीकृत हैं। शेष ढाणियों को सेल्ज परिपत्र संख्या डी-37/2023 दिनांक 09.11.2023 के अनुसार विद्युतीकृत किया जाएगा।

अनिल विज आज यहां चण्डीगढ में हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान लगाए गए एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

ढाणी की परिभाषा बताते हुए विज ने कहा कि 10 या इससे अधिक व्यक्तियों की जनसंख्या वाला एक समूह, जो समूह के भीतर स्थित किसी भी संदर्भ बिंदु से 300 मीटर की रेडियल दूरी के भीतर आता है। संरचना में बाथरूम, रसोई आदि के साथ एक नियमित आवासीय इकाई होनी चाहिए और नलकूप के लिए एक भी कमरा या स्टोर या कोठा नहीं होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि गांव की फिरनी के तीन किलोमीटर के दायरे (मौजूदा एक किलोमीटर की सीमा से बढ़ाकर) तक के डेरा-ढाणियां के कनेक्शनों को पी.ए.टी. सुविधा वाले निकटतम ए.पी. फीडर से / पी.ए.टी. स्थापित करके या आर.डी.एस. फीडर (निकटतम बिंदु के अनुसार आपूर्ति) से बिजली कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। गांव की फिरनी से 300 मीटर (मौजूदा 150 मीटर के प्रावधान से बढ़ाकर) तक, सेवा कनेक्शन शुल्क आवेदक से वसूल किया जाएगा। बुनियादी ढांचे के निर्माण की लागत निगम द्वारा वहन की जाएगी।

अनिल विज ने बताया कि जहां लाइन की लंबाई फिरनी से 300 मीटर से अधिक है, वहां वितरण प्रणाली का विस्तार लाइसेंसधारी द्वारा किया जाएगा, जिसमें वितरण ट्रांसफार्मर के साथ एच.टी./एल.टी. लाइन भी शामिल होगी, और इसके लिए कनेक्शन जारी करने के लिए 300 मीटर से अधिक की वास्तविक लागत की गणना भी मानक लागत डाटा बुक के अनुसार की जाएगी और वसूली जाने वाली राशि एल.टी./एच.टी. लाइन की 50 प्रतिशत लागत उपभोक्ताओं/उपभोक्ताओं के समूह द्वारा वहन की जाएगी और शेष 50 प्रतिशत निगम द्वारा वहन की जाएगी तथा ट्रांसफार्मर की लागत निगम द्वारा वहन की जाएगी।

----------------

Previous

हिमाचल में नशा तस्करों पर सख्त सुक्खू सरकार, मृत्युदंड और 10 लाख का जुर्माना, विधानसभा में विधेयक पेश

Next

कालका-शिमला ट्रैक: कालका-शिमला रेल लाइन पर दौड़ेगा परेल इंजन