आईसीडीएस राजस्थान के निदेशक ने किया 'खिलौना बैंक' का उद्घाटन, जमीन पर बैठकर बच्चों संग खेले, खेल
एन.एस.बाछल, 03 जुलाई, जयपुर।
समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) राजस्थान के निदेशक वासुदेव मालावत ने विद्याधर नगर क्षेत्र स्थित हरिजन बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के मानसिक, शारीरिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा देने के लिए 'खिलौना बैंक' का विधिवत उद्घाटन किया।
निरीक्षण के दौरान सबसे खास और अनुकरणीय तस्वीर तब देखने को मिली, जब निदेशक वासुदेव मालावत बिना किसी प्रशासनिक औपचारिकता के, स्वयं केंद्र के बच्चों के बीच जमीन पर दरी पर बैठ गए। उन्होंने खेल-खेल में शिक्षा देने वाली आधुनिक तकनीकों (प्ले-वे मेथड्स) के माध्यम से बच्चों के साथ कई मजेदार खेल खेले और उनसे बातचीत की। इस दौरान बच्चे सहज एवं प्रसन्नचित थे तथा ECCE गतिविधियों में भाग ले रहे थे निदेशक को अपने बीच पाकर नौनिहाल बेहद उत्साहित नजर आए।
आंगनबाड़ी प्रवेश उत्सव और बच्चे का जन्मदिन मनाया—
केंद्र पर बच्चों के जुड़ाव को बढ़ाने के लिए आयोजित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी निदेशक ने भाग लिया।
उन्होंने शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से दो बच्चों का आंगनबाड़ी प्रवेश उत्सव मनाया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, केंद्र के ही एक नन्हे बच्चे का जन्मदिन केक कटवाकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
पोषण ट्रैकर आंकड़ों का किया भौतिक सत्यापन—
प्रशासनिक समीक्षा के तहत निदेशक वासुदेव मालावत ने केंद्र पर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर पांच बच्चों की लंबाई और वजन का मापन करवाया और फिर उसका मिलान 'पोषण ट्रैकर' (Poshan Tracker) ऐप पर दर्ज डिजिटल आंकड़ों से करके भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बच्चों के विकास की निगरानी (Growth Monitoring) का डेटा पूरी सटीकता और समय पर ऐप पर दर्ज किया जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका उपस्थित रहीं। निदेशक ने केंद्र पर स्वच्छता बनाए रखने और पूरक पोषाहार के सुचारू वितरण के आवश्यक निर्देश दिए।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan
Previous
जैविक खेती को अपनाने से किसानों की आय में होगी वृद्धि, सहकारी भण्डार एवं काॅनफैड के माध्यम से होगी किसानों के जैविक उत्पादों की बिक्री-सहकारिता मंत्री राजस्थान
Next