शिविर का मतलबः एक ही छत के नीचे सभी समस्याओं का समाधान
एन.एस.बाछल, 18 सितम्बर, जयपुर।
सवाई माधोपुर जिला प्रभारी एवं प्रमुख शासन सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग डॉ. देबाशीष पृष्टी ने बुधवार को चौथ का बरवाड़ा में ग्रामीणों से कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं का लाभ देने और उनके शिकायत समाधान के लिए 17 अक्टूबर तक सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। बलरिया गांव में ग्रामीण सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिक-से-अधिक ग्रामीणों से इन शिविरों में भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रभारी सचिव ने कहा कि इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच और दवाई, पोषण, फसल-बीज किट वितरण, बीमा और पशुओं से जुड़ी योजनाओं के लाभ, राजस्व तथा जेवीवीएनएल के आवेदन आदि सभी काम सम्पन्न होंगे। छोटी-छोटी शिकायतों और समाधान के लिए आपको जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े, इसके लिए ये शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, ऐसे में सभी को बाकी काम छोड़कर यहाँ आकार इनका फायदा उठाना चाहिए।
बलरिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान प्रभारी सचिव ने गोवर्धन मीना, रामावतार शर्मा, निरमा, किशन गोपाल, राकेश सहित 14 लाभार्थियों को आवासीय भूमि पट्टे, घनश्याम सैनी, अर्जुन मीना, गुड्डू मीना को रूप से निक्षय पोषण किट, मानसिंह, बुद्धिप्रकाश सहित अन्य लाभार्थियों को प्रधानमंत्री फसल बीमा पॉलिसी वितरित की। उन्होंने बलरिया में आयोजित शिविर स्थल पर पौधारोपण भी किया। इसके पश्चात उन्होंने हर घर कचरा वाहन को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया।
प्रभारी सचिव ने शिविरों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कहा कि वे आमजन से संवाद कर समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। इससे शिविरों के उद्देश्य को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी। डॉ. पृष्टी से स्वयं से इसका उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शिविर में एक वृद्ध महिला के पास बैठकर उसकी बात सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इनकी मांग को कागज पर लिखकर उनकी सहमति लें और त्वरित समाधान करें। उन्होंने बच्चों से उनके स्कूल तथा एक अन्य बुजुर्ग से पशुओं की बीमारी और दवा के बारे में बात की। सचिव ने पंचायत समिति की महिला प्रधान श्रीमती सम्पत पहाड़िया से पंचायती राज संस्थाओं के कामकाज और बजट-भुगतान आदि पर भी चर्चा की।
शहरी क्षेत्रों में फोकस पट्टा वितरण पर — पृष्टी ने सवाई माधोपुर में नगर परिषद क्षेत्र में गीता देवी अग्रवाल बालिका माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर में शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि शहरी क्षेत्र में आमजन की बुनियादी समस्याएं हैं। बीते दिनों जो अतिवृष्टि हुई, उसके कारण भी समस्याएं हुई हैं। दैनिक दिनचर्या की जिंदगी में साफ-सफाई से लेकर राशन, पानी-विद्युत की आपूर्ति सभी प्रकार की समस्याओं के एक ही मंच पर समाधान के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश में शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ किया गया है।
प्रभारी सचिव ने बताया कि संपूर्ण राज्य में नगर निगम, नगर परिषद, यूआईटी, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में यह शिविर 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में मुख्य रूप से जिन लोगों के पट्टे नहीं बन पा रहे हैं, उनके पट्टे बनाए जाएंगे। जिनका लीज रेंट बकाया है, उनमें सरकार ने कई प्रकार की छूट दी है, उनका लाभ दिया जा रहा है। साथ ही, अन्य सुविधाओं और योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आवासीय पट्टे आदि कार्य किए जा रहे हैं।
आपको पट्टा जरूर मिलेगा — डॉ. देबाशीष पृष्टी ने शहरी सेवा शिविर में आए एक बुजुर्ग से आवेदन लेते हुए उससे कहा कि उनकी क्या मांग है। जब वृद्ध ने कहा कि आवास चाहता हूं तो वह बुजुर्ग को पीएम आवास से संबंधित डेस्क तक स्वयं लेकर गए और कार्मिक से कहा इनकी आवेदन प्रक्रिया शुरू कीजिए। पृष्टी ने आवेदक को आश्वासन दिया कि उसको आवास जरूर मिलेगा।
शिविर में नगर परिषद से पट्टे जारी करवाने वालों के आवेदन काफी संख्या में आए। प्रभारी सचिव ने कहा कि पट्टे आवेदन का निस्तारण इस शिविर के प्रमुख उद्देश्यों में से एक है। उन्होंने डेस्क प्रभारी द्वारा तैयार बुधवार के आवेदनों के डायरी में रेकार्ड संधारण की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमें आगे भी इसी तरह से काम करना है।
लापरवाह कार्मिकों की सूची तैयार करे :- डॉ. पृष्टी ने कहा कि शिविर में अधिकारियों और कार्मिकों को संवेदनशीलता से काम करते हुए आम लोगों को राहत देनी है। जहां आवश्यक हो, वहां अधिकारी मौके पर पहुंच कर स्थिति का अवलोकन अवश्य करें। डॉ. पृष्टी ने सहायक निदेशक, जनसम्पर्क को विभिन्न विभागीय अधिकारियों से समन्वय कर शिविरों का पर्याप्त प्रचार—प्रसार करने के निर्देश दिए जिससे एक भी पात्र लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गौरव बुडानिया से कहा कि ऐसे कार्मिकों की एक गोपनीय सूचना प्राप्त तैयार करें जो इन शिविरों में ठीक काम नहीं कर रहा हो। ऐसे कार्मिकों की जानकारी उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal #Rajasthan