मंत्री अनिल विज की दूरदर्शी सोच का परिणाम है अम्बाला का शहीद स्मारक: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा

अम्बाला, 4 फरवरी- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिक मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि अम्बाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया जा रहा आजादी की पहली लड़ाई का अंतर्राष्ट्रीय स्तर का शहीदी स्मारक शहीदों को समर्पित होगा। उन्होने ऊर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि स्मारक के निर्माण में उनका विशेष योगदान है। समय-समय पर वह यहां का जायजा लेते हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल विज की दूरदर्शी सोच है जिसकी बदौलत आज यहां पर भव्य स्मारक बनकर तैयार हुआ है।

इस स्मारक में आने वाले लोगों एवं पर्यटकों को स्वतंत्रता संग्राम की पूरी गाथा के बारे में जानकारी भी मिल सकेगी। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा बुधवार को शहीदी स्मारक का जायजा ले रहे थे। मंत्री ने इस मौके पर यहां पर रूद्राक्ष का पौधा भी लगाया। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि यह शहीदी स्मारक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का है तथा शहीदी स्मारक से सम्बन्धित अधिकतर कार्य पूरा कर लिया गया है।

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने इस मौके पर यह भी कहा कि यह शहीदी स्मारक शहीदों को समर्पित है जिन्होने 1857 की लड़ाई में अपने प्राणों को न्यौछावर किया था। उन्होने यह भी बताया कि इस स्मारक में शहीदों द्वारा जो आहुति दी गई है, उसका भी विस्तार से वर्णन किया गया है। आजादी की लड़ाई कैसे लड़ी गई, अनसंग वीरों ने आजादी के लिए अपने प्राणों तक को न्यौछावर कर दिया, इसका यहां पर बखूबी वर्णन किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्मारक आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है तथा पर्यटन की दृष्टि से भी इसकी अलग पहचान होगी। यहां पर आने वाले लोग शहीदी स्मारक की सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने इस अवसर पर यह भी बताया कि अम्बाला की धरती एतिहासिक है, आजादी की पहली चिंगारी यहीं से शुरू हुई थी। उन्होंने इस मौके पर अनसंग वीरो को नमन भी किया। उन्होने कहा कि इस स्मारक को पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समय में शुरू किया गया था। लगभग 550 करोड़ रूपए की लागत से इसे बनाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री अनिल विज का इस स्मारक के निर्माण में विशेष योगदान है। उन्होंने यह भी कहा कि स्मारक के अंदर निरीक्षण करते हुए 1857 की क्रांति का दृश्य हमारे सामने आ जाता है।

उन्होने यह भी बताया कि यहां पर 1857 की क्रांति से जुड़ी डिजीटल फिल्में भी हैं जिसे डिजीटल ऑडियो के माध्यम से हिन्दी, पंजाबी, अंग्रेजी में भी सुना जा सकता है। उन्होंने पत्रकारो से बातचीत करते हुए यह भी कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस स्मारक के निर्माण के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री से मिलेंगे और जैसे ही समय मिलेगा, इस स्मारक का उदघाटन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव है। उन्होंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक अन्य प्रश्र का उत्तर देते हुए यह भी कहा कि अम्बाला में घरेलू हवाई अड्डा भी बनाया जा रहा है जिससे अम्बाला ओर विकसित और सुन्दर होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा प्रदेश आज तीव्र गति से विकास पथ की ओर अग्रसर है। उन्होने नगर निगम चुनावों से सम्बन्धित पूछे गए प्रश्र का उत्तर देते हुए कहा कि चुनाव को लेकर पूरी तैयारी है। नगर निगम चुनाव में मेयर के साथ-साथ 20 पार्षद भारतीय जनता पार्टी का कमल का फूल खिलाने का काम करेगे।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शहीदी स्मारक का अवलोकन करने से पहले सम्बन्धित अधिकारियों से इस परियोजना की रूपरेखा बारे जानकारी ली। पीपीटी के माध्यम से शहीदी स्मारक की विस्तार से जानकारी दी गई। अधीक्षक अभियंता हरपाल सिंह ने कैबिनेट मंत्री को अवगत करवाया कि जिस सम्बन्धित एंजैसी ने इस स्मारक को बनाने का काम किया है, वह एंजैसी उदघाटन उपरांत तीन वर्ष तक उसका रख-रखाव करने का काम करेगी।

अधीक्षक अभियंता हरपाल सिंह ने मंत्री को अवगत करवाते हुए यहां पर बनाए जा रहे भव्य शहीदी स्मारक के बारे में जानकारी दी और बताया कि इस प्रोजैक्ट के तहत यहां पर इंटरप्रेटेशन सैंटर, म्यूजियम, ओपन एयर थियेटर, ऑडिटोरियम, वाटर बॉडी, हैलीपैड, मैमोरियल टावर, स्टाफ क्वाटर व कार पार्किंग के साथ-साथ अन्य कार्य किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 1857 की क्रांति से जुड़ी फिल्में भी बनाई गई हैं जोकि गैलरी के माध्यम से यहां पर दर्शाई गई हैं।

Previous

अंबाला: यूथ रेड क्रॉस शिविर में सड़क सुरक्षा की शपथ और स्वास्थ्य जांच संपन्न

Next

अटल कैंसर केयर सेंटर में वर्ल्ड कैंसर डे: डीजी हेल्थ ने पेश किया हरियाणा का डेटा, कहा- मरीजों को मिल रही हैं सभी मुफ्त दवाएं