सरकार सुगम उद्योग की परिकल्पना के साथ नित नए आयाम स्थापित कर रही है
एन.एस.बाछल, 09 अगस्त, जयपुर।
वन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में शुक्रवार को नीमराना के रीको एरिया में मेगा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर उन्होंने उद्योगपतियों से संवाद भी में किया ।
संजय शर्मा ने 'एक पेड़ मां के नाम' और 'मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान' के तहत नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, रीको नीमराना एवं राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, नीमराना के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन एवं संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व ने राज्य पर्यावरणीय चेतना को केवल नीति तक सीमित नहीं रख रहा बल्कि उसे जन-आंदोलन का रूप दे रहा है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, हरियालो राजस्थान। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार ने ‘हरियालो राजस्थान— मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान' शुरू किया। प्रदेश में पिछले मानसून में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और इस वर्ष 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उन्होंने आमजन से अभियान में शामिल होते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनकी देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि नीमराणा में लगे उद्योगों के प्रबंधन ने नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र एवं आस-पास लगभग 3 लाख पौधे लगाने का महासंकल्प लिया है, जिसमें अभी तक करीब 2 लाख 30 हजार से ज्यादा पौधे लगाये जा चुके हैं। नीमराणा इन्डस्ट्रीज एसोसियेशन, रीको नीमराणा एवं राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल नीमराना के संयुक्त तत्वाधान में नीमराना में उद्योगपतियों ने एक साथ एक जगह ईपीआईपी औद्योगिक क्षेत्र नीमराणा में 1100 पौधे लगाकर इस महाअभियान को मूर्त रूप दिया।
उद्योगपतियों से किया संवाद—
संजय शर्मा ने प्रदूषण एवं राजस्थान वायु गुणवत्ता प्रबंधन द्वारा की जा रही कार्यवाही पर उद्योगपतियों की समस्याओं व सुझावों को रीको सभागार में विशेष चर्चा कर सुना।
इस दौरान उद्योगपतियों ने उद्योगों को नहर द्वारा यमुना या ईआरसीपी का पानी दिलवाने एवं नीमराना को एनसीआर से बाहर करने के मुद्दे को लेकर अपनी मांगे रखी, जिस पर श्री शर्मा द्वारा आश्वासन दिया गया कि इस पर राज्य सरकार व केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से उद्योगों को पानी उपलब्ध करवाने के प्रयास करेंगे ताकि उद्योग अपने उत्पादन एवं संचालन में किसी प्रकार की कमी महसूस न करें। उन्होंने कहा कि सरकार राइजिंग राजस्थान के तहत उद्योगों के हित में पूर्णतया समर्पित है, उद्योगों के लिए विभिन्न योजनाओं की घोषणा की गई है ,जिनमें कुछ धरातल पर उतर भी चुकी है।
संजय शर्मा ने गत वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा नीमराना इंडस्ट्रियल एरिया में 150 करोड़ की विकास संबंधी योजनाओं की घोषणाओं तथा उनके क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद अर्पित किया। उन्होंने बहनों से राखी बंधवा कर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। श्री शर्मा ने प्रदूषण मंडल की सिंगल यूज प्लास्टिक बैन की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए कपड़े बैग का आमजन में वितरण किया।
#Anil Vij #Haryana #bjp #india #politics #Ambala #Danik Khabar #news #current news #chandigarh #punjab #himachal