दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान
नई दिल्ली, 23 अप्रैल (अन्नू): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त भारत' के दृष्टिकोण को साकार करने और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ड्रग्स के खिलाफ अपनाई गई 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत, दिल्ली पुलिस निरंतर प्रयासरत है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), क्राइम ब्रांच ने नशाखोरी के खिलाफ युवा पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया है।
जंगपुरा के शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम
ANTF, क्राइम ब्रांच ने 22 अप्रैल 2026 को दक्षिण-पूर्व दिल्ली के जंगपुरा इलाके में स्थित तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों—जीबीएसएसएस (GBSSS) जंगपुरा, एसकेवी (SKV) जंगपुरा और सीएम श्री स्कूल (CM Shri School) में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस पहल में छठी से आठवीं कक्षा के 'प्रहरी क्लब' के कुल 215 छात्र-छात्राओं और 14 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
जागरूकता के लिए अपनाई गई विशेष विधियां
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। ANTF के एसीपी श्री राजेश शर्मा और इंस्पेक्टर श्री राकेश दुहन ने पीपीटी (PPT) के माध्यम से छात्रों को नशे के खतरों और उनसे बचने के उपायों के बारे में विस्तार से समझाया। इस अवसर पर छात्रों के बीच जागरूकता पैम्फलेट वितरित किए गए और उन्हें 'मानस हेल्पलाइन' (1933) के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने की सामूहिक ई-प्रतिज्ञा (e-Pledge) भी ली।
भविष्य की राह और स्कूली प्रशासन का सहयोग
इन कार्यक्रमों में छात्रों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बनता था। स्कूल प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सत्र छात्रों को सही राह दिखाने और उन्हें नशे के जाल में फंसने से बचाने के लिए अत्यंत प्रभावी हैं। स्कूल प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखने की इच्छा व्यक्त की है। पुलिस उपायुक्त (ANTF, क्राइम ब्रांच) श्री राहूल अलवाल ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान युवाओं को बचाने और समाज से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
#DelhiPolice #ANTF #NashaMuktBharat #DrugFreeIndia #YouthAwareness #ZeroTolerance #SouthEastDelhi #SayNoToDrugs #SafeYouth #DanikKhabar
Previous
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने द्वारका और पालम में अवैध एलपीजी रिफिलिंग रैकेट का किया भंडाफोड़: 11 गिरफ्तार, 137 सिलेंडर बरामद
Next