31/12/24

लोहारू में दलित बेटी की आत्महत्या के दोषियों पर कार्रवाई कर रही पुलिस : सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी

चंडीगढ़, 31 दिसंबर (अभी) - हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि जिस कॉलेज में बेटी पढ़ती थी, उस कॉलेज की तरफ से क्षेत्र में लंबे समय से निःशुल्क शिक्षा और निशुल्क यातायात सुविधा दिए जाने की बातें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उक्त क्षेत्र के विधायक के वीडियो भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध हैं। इस मामले में पीड़ित बेटी के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, कि कॉलेज की प्रिंसिपल और प्रिंसिपल  के भाई पर दलित बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है। लोहारू थाने में इस सम्बन्ध में 27 दिसंबर को एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पुलिस दोषियों को पकड़ने की कार्रवाई में लगी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में ट्वीट करने वाले नेताओं को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आधा अधूरा ट्वीट करके ये नेता दोषियों को बचाने में लगे हैं। उन लोगों को दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिर्चपुर के घटनाक्रम के समय ये कांग्रेस नेता ट्वीट करना क्यों भूल गए थे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि क्या पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने विधायक से इस विषय में पूछेंगे? उन्होंने कहा कि इस प्रकार का दोषियों को बचाने का प्रयास करने के ट्वीट की वह निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि उक्त नेताओं को अपना ट्वीट वापस लेना चाहिए और दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात करनी चाहिए। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हमारी सरकार पीड़ित बेटी के परिवार के साथ खड़ी है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Previous

पूर्व सीएम ओपी चौटाला की रसम पगड़ी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा एवं महामहिम राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे।

Next

मुख्य सचिव ने की 5758 करोड़ रुपये अनुमानित लागत की 11 परियोजनाओं की समीक्षा