टी-20 विश्व कप : भारत-पाक के बीच महामुकाबला आज, बारिश की संभावना

आरएस अनेजा, 15 फरवरी नई दिल्ली - भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का महा मुकाबला आज शाम श्रीलंका के कोलंबो में शाम सात बजे होगा।

टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक आठ बार मुकाबले खेले जा चुके हैं। सात बार टीम इंडिया ने मैच जीता है, जबकि एक बार पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में सफल रही है। वनडे और टी20 दोनों विश्व कप मिलाकर भारतीय टीम सिर्फ एक बार पाकिस्तान से हारी है। यह मैच 2021 टी20 विश्व कप में खेला गया था, जिसे पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीता था।

दोनों टीमों के क्रिकेटरों ने इसे आम मैच बताकर हाइप कम करने की पूरी कोशिश की। लेकिन दोनों टीमों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता और खासकर इस मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह तो तय है कि अब कोई इसे हारना नहीं चाहेगा।

वहीं कोलंबो में मौसम को लेकर जो जानकारी सामने आ रही हैं उसके अनुसार बारिश की भारी संभावना जताई जा रही है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने बताया है कि दोपहर 2 बजे तक मौसम साफ रहेगा लेकिन उसके बाद बादल की चादर कोलंबो में छाना शुरू हो जाएगी। 93 फीसदी बारिश की संभावना है लेकिन रात 8 बजे के बाद मौसम फिर दोबारा साफ हो सकता है।

Next

टी-20 विश्वकप : भारत-नामीबिया का मुकाबला आज, सुबह मुकाबले में श्रीलंका ने ओमान को हराया