06/04/25

लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा ने बरवाला में 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का किया उद्घाटन

चंडीगढ़, 6 अप्रैल (अभी) - हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र बरवाला (हिसार) में नगर पालिका बरवाला द्वारा 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस विकास कार्य से क्षेत्र का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी। जल्द ही शहर के दोनों तरफ भव्य स्वागत द्वार सहित सीवरेज, पेयजल व अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएंगे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकार विकास के वादे को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार गांवों को शहरों से जोड़ने के लिए सड़क नेटवर्क को मजबूत कर रही है। हमारी प्राथमिकता हर गांव तक पक्की सड़कें पहुंचाना है ताकि नागरिकों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं और इनके बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार में सकारात्मक बदलाव आते हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है ताकि आम लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में बरवाला क्षेत्र में और भी कई विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिनमें जलापूर्ति, स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण और ग्रामीण खेल सुविधाएं प्रमुख होंगी।

Previous

हिमाचल की मियार घाटी में ऊनी उड़ने वाली गिलहरी का पहला फोटोग्राफिक साक्ष्य प्राप्त

Next

संत-महात्मा ही हमारे सच्चे मार्गदर्शक हैं: केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल