टी-20 विश्व कप 2026 : आज मैदान पर उतरेंगे दिग्गज, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की साख दांव पर, पहले मैच में जीता नीदरलैंड
आरएस अनेजा, 10 फरवरी नई दिल्ली - भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आज मंगलवार 10 फरवरी को चौथा दिन है। आज विभिन्न देशों में तीन और दिलचस्प मुकाबले होंगे।
आज टी20 विश्व कप में तीन मैच खेले जाने हैं जिसमें पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, यूएई, यूएसए, नामीबिया और नीदरलैंड की टीमें मैदान पर होने वाली हैं। इनमें से दो मुकाबले भारतीय जमीन पर खेले जाएंगे, जबकि एक मैच श्रीलंका में आयोजित होगा।
आज का पहला मैच : नामीबिया बनाम नीदरलैंड में प्रात: 11 बजे हुआ। नामीबिया का ये मौजूदा विश्व कप संस्करण में पहला मैच था जहां वो अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। इस मैच में नीदरलैंड ने नामीबिया को सात विकेट से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने 8 विकेट पर 156 रन बनाए जिसके जवाब में नीदरलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट खोकर 158 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया।
आज का दूसरा मैच : न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमों के बीच खेला जाना है। ये ग्रुप-D का मुकाबला होगा। न्यूजीलैंड की टीम ने अपना पहला मैच अफगानिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीतकर विजयी आगाज किया था। जबकि यूएई की टीम आज टूर्नामेंट में अपना पहला मैच खेलने उतरेगी।
आज का तीसरा मैच : पाकिस्तान बनाम यूएसए (अमेरिका) के बीच खेला जाएगा। ये ग्रुप-ए का मुकाबला होगा। अब तक पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नीदरलैंड के खिलाफ हांफते-हांफते जीतते हुए अपने अभियान का विजयी आगाज किया था। जबकि यूएसए की टीम को शानदार प्रदर्शन के बाद सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी झेलनी पड़ी और उन्हें भारत के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।