17/07/26

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग कुमार बने दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, सतीश गोलचा की लेंगे जगह

नई दिल्ली, 17 जुलाई (अन्‍नू): देश की राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बहुत बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर (CP) नियुक्त किया है। वे वर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा का स्थान लेंगे।

AGMUT कैडर के 1994 बैच के IPS हैं अनुराग कुमार

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के 1994 बैच के तेजतर्रार IPS अधिकारी अनुराग कुमार को तुरंत प्रभाव से दिल्ली पुलिस कमिश्नर का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है:

"सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के साथ, श्री अनुराग कुमार, IPS (AGMUT:1994) को पद संभालने की तिथि से और अगले आदेश तक दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है।"

निवर्तमान कमिश्नर सतीश गोलचा को LG को रिपोर्ट करने के निर्देश

गृह मंत्रालय के इस आदेश में दिल्ली पुलिस के निवर्तमान कमिश्नर और 1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलचा को भी अहम निर्देश दिए गए हैं। आदेश के मुताबिक, नए कमिश्नर के कार्यभार संभालने के तुरंत बाद सतीश गोलचा अपनी अगली पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे।

भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी राकेश कुमार सिंह के हस्ताक्षर से जारी इस महत्वपूर्ण आदेश की प्रतियां दिल्ली के मुख्य सचिव, पुलिस कमिश्नर और उपराज्यपाल के प्रधान सचिव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।

#DelhiPolice #NewPoliceCommissioner #AnuragKumarIPS #SatishGolcha #MHAOrder #DelhiNews #LawAndOrder #BreakingNews #DanikKhabar

Previous

सरकारी अस्पतालों के शवगृहों की बदहाली पर हरियाणा मानवाधिकार आयोग सख्त, फ्रीजर चैंबरों के नियमित निरीक्षण के निर्देश

Next

इस बरस सावन में अजब बात हुई, पहले गिरती थी बूंदें इस बरस नोटों की बरसात हुई क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में आए हैं और 14 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगातें लाएं हैं - ऊर्जा मंत्री अनिल विज