जनसुनवाई में ऊर्जा मंत्री अनिल विज के कड़े तेवर, एफआईआर दर्ज न होने व लापरवाही बरतने पर दो अलग-अलग चौकी इंचार्ज सस्पेंड

ऊर्जा मंत्री अनिल विज का कड़ा एक्शन- एक साल से ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने पर चौड़मस्तपुर एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश

महेशनगर विवाहिता मौत मामले में ऊर्जा मंत्री अनिल विज सख्त, निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित करने के दिए निर्देश

कई बुजुर्गों की पेंशन नहीं लगे व सुनवाई नहीं होने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने जिला समाज कल्याण अधिकारी फोन पर लगाई फटकार, कार्रवाई के निर्देश दिए

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना व अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए

अम्बाला, 17 सितम्बर - हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने और एक अन्य मामले में एफआईआर दर्ज करने में देरी करने पर अम्बाला छावनी के हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी और तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्जों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

मंत्री अनिल विज आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अम्बाला छावनी क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुन रहे थे।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज को स्टाफ रोड निवासी युवती ने शिकायत देते हुए बताया कि गत 9 सितंबर को उनके घर में चोरों ने जबरन दाखिल होकर उसके पिता को नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और चोर घर से 20 तोले सोना व नकदी चुरा ले गए। युवती का आरोप था कि इस मामले में तोपखाना पुलिस चौकी को शिकायत देने के बाद केस दर्ज नहीं किया गया जबकि उनके पास सीसीटीवी फुटेज भी है और आज जब उसने पुलिस को बताया कि वह मंत्री अनिल विज को शिकायत देने जा रही है तो आनन-फानन में केस दर्ज किया गया। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मामले में मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई जिसके बाद उन्होंने तोपखाना पुलिस चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब सारे सबूत है तो उसके बावजूद भी क्यों कार्रवाई नहीं की जा रही।

इसी प्रकार चोरी के अन्य मामले में कच्चा बाजार निवासी पुजारी ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि मंदिर में उसके कमरे का ताला कुछ दिन पहले टूटा हुआ था और सामान चोरी था। इस मामले में उसने हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में 5 सितंबर को शिकायत की थी, मगर उसकी शिकायत पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही एफआईआर दर्ज की। पुजारी की शिकायत पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज जब पुलिस अधिकारियों से जवाब-तलब किया तो वह बगले झांकने लगे। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने चौड़मस्तपुर एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश

गांव नडियाली निवासी किसान ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उनके खेत में पहले ट्यूबवेल लगा था, मगर बीते वर्ष 2025 में यह कनेक्शन काट दिया गया। इसके कुछ दिनों बाद उसने दोबारा कनेक्शन के लिए अप्लाई किया जबकि उसके ऊपर कोई भी बिल पेंडिंग नहीं है। मगर एक वर्ष होने पर भी चौड़मस्तपुर सब डिवीजन द्वारा उसका कनेक्शन बहाल नहीं किया गया जबकि पानी नहीं लगने से उसकी खेती भी खराब हुई। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश एसई अम्बाला को दिए। इसी तरह एक अन्य मामले में रामपुर सरसेहड़ी में ट्रांसफार्मर के उपयोग में नहीं होने के बावजूद उसे उतारने में देरी की शिकायत पर भी उन्होंने जांच के निर्देश दिए।

विवाहिता की मौत के मामले में जांच करेगी एसआईटी

ऊर्जा मंत्री अनिल विज को महेशनगर से आए लोगों ने विवाहिता की मौत के मामले में शिकायत देते हुए मामले में जांच की मांग की। उनका आरोप था कि विवाहिता की मौत मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है जबकि यह हत्या न होकर आत्महत्या का केस है। मंत्री अनिल विज ने इस मामले में एसआईटी गठित कर मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।

पेंशन के मामलों में समाज कल्याण विभाग की लापरवाही, मंत्री अनिल विज ने फोन पर लगाई फटकार

जनसुनवाई के दौरान पेंशन से संबंधित कई शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष आई। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि वह अपनी समस्या हल कराने के लिए विभागीय कार्यालय जाते है, मगर वहां से उन्हें कोई न कोई बहाना लगाकर वापस भेज दिया जाता है। मंत्री अनिल विज ने इन मामलों में समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर कड़ी फटकार लगाई और अगले सप्ताह से पहले इन मामलों में हल करने के निर्देश दिए।

पहली शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी बुढ़ापा पेंशन बीते वर्ष दिसंबर माह से बंद है, वह कई बार विभाग के चक्कर लगा चुकी है, मगर वहां यहीं कहा जाता है कि चंडीगढ़ से डाटा ठीक कराया जा रहा है।

इसी तरह महेशनगर निवासी एक अन्य महिला की पेंशन भी कटने की शिकायत आई, महिला का आरोप था कि विभाग की गलती से उसका गलत नाम चढ़ गया है जिस वजह से उसकी पेंशन नहीं लग रही। विभाग के दस चक्कर लगाने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हुई।

इसी प्रकार दीना की मंडी निवासी महिला ने भी पेंशन से जुड़ी समस्या ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष रखी जिनपर उन्होंने विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिजली बिलों की रिकवरी को लेकर ऊर्जा मंत्री विज सख्त, तय सीमा से ज्यादा बकाया पर पूरे हरियाणा में कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष बकाया बिजली बिल एक लाख रुपए होने के बावजूद शिकायतकर्ता द्वारा और समय देने की मांग की गई। इसपर मंत्री अनिल विज ने कड़ा रुख अपनाते हुए शिकायतकर्ता से कहा कि “यदि आपने बिजली उपयोग की है तो उसकी अदायगी भी करनी पड़ती है”। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद बिजली अधिकारियों से बिल अदायगी तुरंत करने के निर्देश दिए साथ ही पूरे हरियाणा में विभागीय अधिकारियों को यह निर्देश भी जारी करने को कहा कि “जहां-जहां बिजली के बकाया बिल तय साइकिल से ज्यादा हो गए है वहां बिल रिकवरी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए”।

टांगरी बांध रोड स्थित कालोनियों में चोरी की शिकायतों पर महेशनगर पुलिस को लगाई फटकार

ऊर्जा मंत्री अनिल विज के समक्ष टांगरी बांध के साथ लगती कालोनी गणेश विहार व अन्य क्षेत्रों में चोरी की अलग-अलग शिकायतों पर महेशनगर थाना प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि चोरियों के मामलों में कार्रवाई की जाए और इलाकों में गश्त को बढ़ाते हुए सुरक्षा प्रदान की जाए। वहीं शिकायतकर्ताओं ने टांगरी बांध रोड पर स्ट्रीट लाईट नहीं होने की भी शिकायत की जिसपर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद के ईओ को यहां स्ट्रीट लाईट पोल लगाकर लाइट लगाने के निर्देश दिए।

इन मामलों में भी ऊर्जा मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए

जनसुनवाई के दौरान लालकुर्ती निवासी ने डिस्पेंसरी का किराया जमा नहीं होने परे डिस्पेंसरी बंद होने, शास्त्री कालोनी निवासी व्यक्ति ने उसके साथ 48 लाख साइबर फ्रॉड में केवल 14 रिकवरी होने व शेष रिकवरी की मांग की, हाउसिंग बोर्ड निवासी व्यक्ति ने क्षेत्र में पानी निकासी प्रभावित होने, फुटबाल चौक पर नाले में रेहड़ी चालकों द्वारा गंदगी फेंकने, लालकुर्ती निवासी व्यक्ति ने पड़ोसी द्वारा दीवार कर उसका रास्ता बंद करने, शाहबाद निवासी व्यक्ति ने उसके घर के समक्ष बिजली के पोल रोड पार शिफ्ट करने, तेपला निवासी व्यक्ति ने बिजली की हाईटेंशन तारे शिफ्ट करने, फ्रूटी कंपनी द्वारा कर्मचारी को 28 वर्ष बाद नौकरी से निकालने व अन्य शिकायतें आई जिसपर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पार्षद व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान एक बार में ही होना चाहिए ताकि लोगों को धक्के न खाने पड़े : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने जननसुवाई के दौरान यह भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो शिकायतकर्ता एक बार यहां आया और उसकी शिकायत विभाग के पास गई तो उस समस्या का समाधान होना चाहिए और यदि कोई दिक्कत है तो शिकायतकर्ता को पत्र लिखकर शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाए ताकि लोगों को धक्के न खाने पड़े।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा कि घटना होने पर थाने में एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही हो। उन्होंने पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि सबसे पहले एफआईआर दर्ज कर जांच व कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आज जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े मामले आए है जिनका समाधान करने को कहा गया है।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बिजली के बकाया बिलों के मामले में कहा कि यह हैरान करने वाली बात है कि उपभोक्ताओं के लाखों के बिल बकाया हो और फिर भी बिजली आपूर्ति हो रही हो। उन्होंने कहा जो नियम है उनके अनुरूप कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आज जन्मदिन पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज का दिन केवल तारीख नहीं है, मोदी जी ने हमेशा विकास व विश्वास की राजनीति की है। आज तक उनपर विपक्षी उनपर कोई आरोप नहीं लगा सका, यह एक उदाहरण है कि किस प्रकार के हमारे नुमाइंदे होने चाहिए व हमें इससे शिक्षा लेनी चाहिए। उनके जनसेवा मंक 25 वर्ष पूरे हो गए है और इस दौरान उन्होंने हर वर्ग हर क्षेत्र की चिंता की है, मोदी जी ने हर वर्ग के लिए कोई न कोई योजना चलाई है। इसलिए आज लोग अपने घरों में आर्शीवाद का दीया अवश्य जलाए और उन्हें शुभकामनाएं दें। उन्होंने कहा मोदी जी द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी अपने-अपने घरों में दीया अवश्य जलाएं।

#AnilVij #AmbalaNews #HaryanaNews #JanSunwai #AmbalaPolice #HaryanaPolice #AmbalaCantt #DanikKhabar #BreakingNews

Next

दैनिक खबर: आज 17 सितंबर , 2026 के शाम 6 बजे के मुख्य समाचार