कैथल में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़: 5 हजार का इनामी 'कोहली' गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
कैथल, 04 मई (अन्नू): कैथल पुलिस को सोमवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास मामले में वांछित आरोपी संदीप उर्फ कोहली पूंडरी के गांव फरल के पास से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर एवीटी स्टाफ ने सिरसा ब्रांच नहर पर नाका लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। जैसे ही आरोपी कार में सवार होकर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया। आरोपी ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ता रुक जाने के कारण उसकी गाड़ी एक पेड़ से टकरा गई।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
गाड़ी टकराने के बाद आरोपी ने बाहर निकलते ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से 2 से 3 राउंड फायर किए गए, जिनमें से एक गोली एक पुलिस कर्मचारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पहले हवाई फायर किए गए और उसके बाद हुई फायरिंग में एक गोली आरोपी संदीप की टांग में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
शराब ठेके पर फायरिंग का था आरोपी
एवीटी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपी संदीप उर्फ कोहली जाखोली अड्डा स्थित शराब ठेके के पास युवकों पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहा था। उसकी आपराधिक गतिविधियों और गिरफ्तारी से बचने के कारण पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी पर हत्या के प्रयास सहित कई अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आरोपी को तुरंत नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी ताकि उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
#KaithalPolice #EncounterNews #HaryanaCrime #PoliceAction #AVTStaff #KaithalNews #WantedCriminalArrested #BraveryReward #DanikKhabar
Previous
प्रतापगढ़ इंस्पेक्टर हत्याकांड: दोषी जीशान खान को 10 साल की जेल, सीबीआई अदालत ने सुनाया फैसला
Next