30/10/25

सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के तहत 31 अक्तूबर को रन फॉर यूनिटी का आयोजन

जे कुमार, 30 अक्तूबर - हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने चण्डीगढ़ से आयोजित वीसी के माध्यम से सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के तहत रन फॉर यूनिटी, हरियाणा दिवस के साथ-साथ गीता जयंती महोत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा बारे जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस मौके पर उनके साथ प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल और महानिदेशक केएम पांडुरंग ने भी प्रदेशभर में होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी सांझा की।  


उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी हरियाणा दिवस को पूरे उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसी के तहत एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्यता और गरिमामयी ढंग से आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणवी लोक कलाओं पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में रन फोर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। वीसी में जो दिशा-निर्देश मिले है उसकी अनुपालना के तहत सभी कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जाएगा।


वीसी उपरांत डीसी अजय सिंह तोमर ने सम्बन्धित अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पंचायत भवन अम्बाला शहर में किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागिनी, ऑर्केस्ट्रा और पेंटिंग आदि गतिविधियां शामिल रहेंगी। वहीं विद्यार्थियों द्वारा हरियाणवी वेशभूषा के साथ प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके साथ-साथ अन्य कार्यक्रम शामिल रहेंगे।


डीसी अजय सिंह तोमर ने बताया कि हरियाणा दिवस पर पंचकूला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष होंगे और समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वचुर्अल माध्यम से प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी दिखाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां समय रहते पूरी करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


डीसी अजय सिंह तोमर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गीता महोत्सव का श्रद्धाभाव और उत्साहपूर्वक 29 नवंबर से एक दिसंबर तक का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले 28 नवंबर को श्रीमद्भागवत गीता पर आधारित सेमिनार का भी आयोजन किया जाएगा। डीसी ने गीता महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि महोत्सव से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। गीता महोत्सव का हवन यज्ञ के साथ शुभारंभ होगा। इसके बाद तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाएगा।

इस दौरान धार्मिक ग्रंथ गीता पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी। गीता महोत्सव में विभिन्न विभागों और सामाजिक संगठनों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम दर्शन कुमार, नगराधीश अभिषेक गर्ग, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, डीएसपी विजय कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा, एडीआईओ शुभम जोधा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

#ambala #news #dcambala #runforfun

Previous

जम्मू तवी से रद्द की गई नवंबर मे फिर से होंगी बहाल, जनता को मिलेगी सुविधा

Next

अम्बाला कैंट में थेलेसिमिया मरीजों को मिलेगा ल्यूको फिल्टर युक्त रक्त, स्वास्थ्य में होगा सुधार