रोहतक: तिलियार झील के पास ट्रक का टायर फटने से लगी भीषण आग, बगल का शोरूम जलकर हुआ राख
हरियाणा/रोहतक, 13 मार्च (अन्नू): हरियाणा के रोहतक जिले में दिल्ली रोड पर स्थित तिलियार झील के सामने आज सुबह एक भयानक हादसा हो गया। सुबह करीब 8 बजे वहां से गुजर रहे एक ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे ट्रक में लगे सीएनजी (CNG) और डीजल टैंक में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही ट्रक ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पास ही स्थित फर्नीचर, प्लाईवुड और सेनेटरी के एक बड़े शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त ट्रक का चालक और परिचालक अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
आग इतनी भीषण थी कि शोरूम के मालिक नरेंद्र मलिक के अनुसार, उसमें रखा करोड़ों रुपए का कीमती सामान जलकर राख हो गया है। स्थानीय निवासी यशपाल देशवाल और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घटना स्थल के बिल्कुल सामने एक सरकारी पेट्रोल पंप भी स्थित था, जिससे एक बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। गनीमत रही कि आग पेट्रोल पंप की दिशा में नहीं फैली, वरना नुकसान का अंदाजा लगाना मुश्किल होता।
शोरूम मालिक और स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। उनका आरोप है कि यदि दमकल विभाग की टीमें समय पर पहुंचतीं और सही दिशा से आग बुझाने का प्रयास करतीं, तो शोरूम के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। लोगों का कहना है कि दमकल की गाड़ियां काफी देरी से आईं और दूर से ही पानी की बौछारें करती रहीं, जिससे आग पर काबू पाने में अधिक समय लगा।
वहीं, फायर ऑफिसर संजीव डागर ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की 7 गाड़ियां मौके पर भेज दी गई थीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रास्ते को ब्लॉक कर दिया था और भारी भीड़ जमा होने के कारण यातायात व्यवस्था को भी संभाला। फिलहाल ट्रक पूरी तरह जल चुका है और पुलिस फरार ड्राइवर व हेल्पर की तलाश के साथ-साथ मामले की जांच कर रही है।
#RohtakNews #TilyarLake #FireAccident #TruckBlast #HaryanaNews #BreakingNews #FireBrigade #SafetyAlert #RohtakNews #AccidentAlert #CNGBlast #PublicSafety #HaryanaPolice #DanikKhabar