कुरुक्षेत्र की SYL नहर में दिखा 12 फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत
हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 13 मार्च (अन्नू): कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी गांव के पास सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर में एक विशालकाय मगरमच्छ दिखने से हड़कंप मच गया है। आज सुबह करीब 8 बजे लोगों ने नहर के किनारे लगभग 12 फुट लंबे मगरमच्छ को देखा। जैसे ही यह खबर फैली, आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया। जो लोग नहर किनारे अपने पशु चरा रहे थे, वे तुरंत उन्हें लेकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
इलाके के लोगों का कहना है कि पिछले हफ्ते भी ज्योतिसर के पास 14 फुट लंबा मगरमच्छ देखा गया था। नहर में एक साथ दो बड़े मगरमच्छों की मौजूदगी से अब बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। राहगीरों ने दूर से ही मगरमच्छ का वीडियो बनाकर प्रशासन और वन्यजीव विभाग को सूचित कर दिया है।
वन्यजीव विभाग और गोताखोर प्रगट सिंह की टीम अब इन मगरमच्छों को पकड़ने की योजना बना रही है। विभाग ने लोगों को नहर के पास न जाने की सख्त चेतावनी दी है। प्रगट सिंह के अनुसार, अगले हफ्ते तक नहर में बड़े जाल बिछाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा ताकि इन मगरमच्छों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
#Kurukshetra #Haryana #AmbalaDivision #HaryanaNews #SYL #SutlejYamunaLink #PublicSafety #DangerAlert #Village #BreakingNewsHaryana #ViralVideoHaryana #RescueOperation #PragatSinghDiver #WildlifeDepartment #TrendingNow #ViralNews #CrocodileViralVideo #FearInVillage