रेवाड़ी: जानलेवा हमले का आरोपी माजरा सरपंच उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, 5000 का था इनाम
हरियाणा/रेवाड़ी, 19 मार्च (अन्नू): हरियाणा के रेवाड़ी जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। धारूहेड़ा सीआईए की टीम ने माजरा गांव के सरपंच रविंद्र उर्फ हाथी को उसके तीन अन्य सहयोगियों के साथ उत्तर प्रदेश के बरसाना से धर दबोचा। आरोपी सरपंच पर 26 जनवरी को भालखी के सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र (उर्फ पहलवान) पर जानलेवा हमला करवाने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के वक्त सरपंच के साथ राजस्थान के ततारपुर निवासी रवि तथा भागौट के रहने वाले सचिन और नवीन को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सरपंच की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गणतंत्र दिवस के दिन जब सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र एक स्कूल कार्यक्रम से लौट रहे थे, तब माजरा आरओबी के पास उन पर हमला किया गया था। जांच में सामने आया कि हमलावरों ने उन पर गोली चलाने की कोशिश भी की थी, लेकिन ऐन वक्त पर हथियार की मैगजीन गिर जाने के कारण फायर नहीं हो पाया। पुलिस ने घटनास्थल से वह मैगजीन पहले ही बरामद कर ली थी। इस हिंसक हमले में सुरेंद्र को इतनी गंभीर चोटें आईं कि डॉक्टरों को ऑपरेशन के दौरान उनकी एक टांग काटनी पड़ी।
इस रंजिश की जड़ गंदे पानी की निकासी को लेकर उपजा विवाद बताया जा रहा है। माजरा की ढाणी में सीवर के पानी को लेकर दोनों पक्षों में 19 जनवरी को कहासुनी हुई थी, जिसके बाद तनाव बढ़ता चला गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी सरपंच रविंद्र पर पहले से ही मारपीट और आर्म्स एक्ट के सात मामले दर्ज हैं, जबकि उसके पकड़े गए अन्य साथियों का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वारदात के बाद से ही आरोपी अपना फोन बंद कर लगातार ठिकाने बदल रहे थे, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन ट्रेस करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल, पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि फरारी के दौरान उन्हें किन-किन लोगों ने संरक्षण दिया था। डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को शरण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 12 आरोपियों को हिरासत में ले चुकी है।
#RewariNews #HaryanaPolice #CrimeUpdate #MajraSarpanch #LawAndOrder #DharuheraCIA #HaryanaCrime #PoliceAction #JusticeForSurendra #BreakingNews #DanikKhabar