19/03/26

जहांगीरपुरी शूटआउट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बिछाया जाल, हत्या के बदले की थी हत्या

नई दिल्ली, 19 मार्च (अन्‍नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NR-I) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जहांगीरपुरी इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 22 वर्षीय फिरदौस उर्फ 'चुम्मा' के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से पुलिस को चकमा दे रहा था।



घटना 4 मार्च 2026 की है, जब आरोपी फिरदौस ने अपने साथियों के साथ मिलकर आपसी रंजिश के चलते रहमतुल्लाह उर्फ भोला नाम के युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले में रहमतुल्लाह की मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अपनी पहचान छिपाकर भाग रहा था।



18 मार्च 2026 की शाम, क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि आरोपी फिरदौस किसी से मिलने भलस्वा झील के पास आने वाला है। डीसीपी पंकज कुमार के मार्गदर्शन और एसीपी अशोक शर्मा की देखरेख में इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। शाम करीब 6 बजे जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।



पूछताछ में सामने आया कि फिरदौस का परिवार पहले से ही अपराध की दुनिया से जुड़ा रहा है। उसके पिता अनवर उर्फ अनु पर 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं उसका चाचा अक्षर उर्फ खोदू भी अपराधी रह चुका है। फिरदौस खुद भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को आलीशान जीवन जीने और क्लब जाने का शौक है। उसने केवल दोस्ती निभाने और बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया था।


क्राइम ब्रांच ने आरोपी को BNSS की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है और जहांगीरपुरी थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस अब इस मामले में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। इस गिरफ्तारी को दिल्ली पुलिस की अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।




#DelhiPolice #CrimeBranch #JahangirpuriMurder #Arrested #DelhiCrime #LawAndOrder #BreakingNews #DelhiNews #DanikKhabar

Previous

कुरुक्षेत्र: लाडवा में तेज संगीत को लेकर खूनी संघर्ष, पड़ोसी ने घर पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

Next

रेवाड़ी: जानलेवा हमले का आरोपी माजरा सरपंच उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, 5000 का था इनाम