'पूर्वोदय' से बदलेगी बंगाल की तस्वीर: 14,205 करोड़ का बजट और सिलीगुड़ी से बुलेट ट्रेन का तोहफा

आरएस अनेजा, 9 फरवरी नई दिल्ली - केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिउड़ी रोड ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। उन्होंने कुमारपुर रोड ओवर ब्रिज राष्ट्र को समर्पित किया और नई आसनसोल-बोकारो ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई।

 इस अवसर पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ये परियोजनाएं पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में रेल अवसंरचना को मजबूत करने, सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्रीय संपर्क में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल में रेलवे के लिए 14,205 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटन किया गया है, जो 2009-2014 के दौरान औसत आवंटन से 3 गुना से भी अधिक है। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल में लगभग 92,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं, जो इस राज्य में अवसंरचना में बदलाव लाएंगी।

 

वैष्णव ने यह भी बताया कि हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए रेल संपर्क बढ़ाने के लिए बारह से अधिक नई रेलगाड़ियां शुरू की हैं। पहली वंदे भारत स्लीपर रेलगाड़ी पश्चिम बंगाल से शुरू हुई। यह इस क्षेत्र के विकास के लिए माननीय प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई 'पूर्वोदय' की दूरदर्शी पहल को दर्शाता है।

रेल मंत्री वैष्णव ने यह भी बताया कि इस वर्ष के रेल बजट में पश्चिम बंगाल के लिए पहली बुलेट ट्रेन की घोषणा की गई है और यह बुलेट ट्रेन सिलीगुड़ी से शुरू होगी। साथ ही, माननीय प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल को गुजरात से जोड़ने वाले पूर्व-पश्चिम माल गलियारे को मंजूरी दी है। सुरक्षित परिवहन के लिए रणनीतिक कदम के रूप में उत्तरी बंगाल के चिकन-नेक हिस्से में भूमिगत रेल गलियारे के निर्माण के लिए एक और पहल की जा रही है।

Previous

गौ सेवा एवं प्राकृतिक खेती को मिलेगा बल - उप मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश

Next

सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की है पहचान- मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश