एक्शन में दिल्ली की रेखा सरकार, ग्राउंड पर उतरे सभी मंत्री, सड़क, अस्पताल, साफ-सफाई का जाना हाल
नई दिल्ली, 22 फरवरी (अभी): दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह नजफगढ़ में जाफरपुर स्थित राव तुलाराम अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अस्पताल की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पंकज कुमार सिंह ने कहा, 'यहां के हालात बेहद खराब हैं। यहां डॉक्टरों की कमी है। एक बिल्डिंग जो 2020 से पहले बन जानी चाहिए थी, वह अभी भी अधर में लटकी हुई है। हमने सांसद कमलजीत सहरावत के साथ मिलकर तय किया है कि 3 महीने के अंदर हम इस अस्पताल को पूरी तरह बदल देंगे और यहां जो भी सुविधाएं नहीं हैं, वो मिलेंगी। हम 3 महीने बाद फिर यहां आएंगे और आपको दिखाएंगे कि यह अस्पताल कितना अच्छा काम कर रहा है।"
उधर, दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री परवेश वर्मा ने बारापुला रोड पर पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। परवेश वर्मा ने कहा, "यहां फेज 3 का काम चल रहा है। मुझे बताया गया कि इतने समय से काम चल रहा है लेकिन कोई दौरा करने नहीं आया था। इनकी पेमेंट की दिक्कत है और वन विभाग से मंजूरी चाहिए। दोनों दिक्कतों को हम जल्द-जल्द दूर करेंगे। जिसके बाद 12 महीने में पूरा रोड चालू हो जाएगा। फेज 4 भी प्रस्तावित है। यहां पर क्या-क्या कमियां है हम वो देखने आए थे।"
वहीं, मंत्री प्रवेश वर्मा ने मूलचंद अंडरपास पंप के उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "दिल्ली में कई स्थान हैं जहां बारिश में पानी भर जाता है ऐसा ही एक स्थान है मूलचंद फ्लाईओवर के नीचे जहां पानी भराव की शिकायत हमेशा मिलती थी। मैंने अधिकारियों से कहा है कि दिल्ली में जहां भी पानी भरता है वहां अभी मौसम से पहले काम होना चाहिए। पंप लगने चाहिए। पानी निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। हम सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली में बारिश के समय में कोई ऐसी जगह ना हो जहां पानी भरे।"