गोहाना: भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में दो इंटर्न से छेड़छाड़ पर आक्रोश, सुरक्षा की मांग को लेकर धरने पर बैठीं छात्राएं
गोहाना, 18 अगस्त (अन्नू): गोहाना के खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस (MBBS) की दो इंटर्न छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद भारी जनरोष व्याप्त है। सुरक्षा व्यवस्था में चूक को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्राएं निदेशक कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं। छात्राओं का साफ कहना है कि जब तक मेडिकल कैंपस और हॉस्टल के रास्तों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम नहीं किए जाते, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
ड्यूटी और लाइब्रेरी से लौटते वक्त हुई वारदात, चेहरा दबाने व हाथापाई का आरोप
खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज में दो दिन पहले दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। छात्राओं के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे ड्यूटी से लौट रही एक इंटर्न के साथ हॉस्टल के पास हाथापाई की गई, जिससे उसकी गर्दन पर खरोंचें आईं। वहीं, रात करीब 11:13 बजे लाइब्रेरी से लौट रही दूसरी छात्रा को पीछे से दबोचकर उसका मुंह व गला दबाया गया और आपत्तिजनक हरकत की गई। छात्राओं का आरोप है कि रात के समय कैंपस के रास्तों पर पर्याप्त रोशनी (स्ट्रीट लाइट्स) और सुरक्षा गार्ड्स तैनात नहीं थे।
महिला थाने में केस दर्ज; आरोपी गिरफ्तार
घटना के समय पुलिस के देरी से पहुंचने पर छात्राओं ने रात में ही जमकर हंगामा किया था। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना खानपुर कलां में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 78 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन छात्राओं का कहना है कि 24 घंटे ड्यूटी करने वाली महिला डॉक्टरों की सुरक्षा प्रणाली अब भी पूरी तरह रामभरोसे है।
सुरक्षा गार्ड्स की भारी कमी, निदेशक बोले- सरकार को भेजा है प्रस्ताव
मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. जगदीश चंद्र दुरेजा ने माना कि विशाल कैंपस के मुकाबले सुरक्षाकर्मियों की भारी कमी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बढ़ाने का मामला राज्य सरकार का है और शासन को अतिरिक्त सुरक्षा गार्ड्स की तैनाती के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। निदेशक ने कहा कि सरकार के निर्णय का इंतजार है, जबकि छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरी ओर, छात्राएं कैंपस में तुरंत नई लाइटें लगाने, गार्ड्स की संख्या बढ़ाने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने की मांग पर अड़ी हैं।
#GohanaNews #KhanpurMedicalCollege #WomensSafety #BPSMedicalCollege #HaryanaNews #DainikKhabar #Protest
Previous
ED का बड़ा एक्शन: 10,000 करोड़ के सागा ग्रुप घोटाले में मुंबई-भोपाल में रेड, 30 करोड़ के शेयर और 1.53 करोड़ कैश जब्त
Next