07/05/26

नूंह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्याज की आड़ में करोड़ों का नशा बरामद

नूंह, 07 मई (अन्‍नू): हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। फिरोजपुर झिरका इलाके में मुस्तैद पुलिस टीम ने एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है। बरामद किए गए 607 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।



चेकिंग के दौरान पकड़ाए तस्कर


यह पूरी कार्रवाई दिल्ली-अलवर मार्ग पर स्थित नसीरबास गांव के पास की गई। पुलिस वहां नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक संदिग्ध पिकअप को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही गाड़ी में सवार दो युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी गुरदीप सिंह और सतपाल के रूप में हुई है।


प्याज के नीचे छिपा था नशा


तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। गाड़ी की ऊपरी सतह पर प्याज से भरे 45 कट्टे रखे गए थे ताकि किसी को शक न हो। हालांकि, जब पुलिस ने सघन तलाशी ली तो प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर रखे गए 30 प्लास्टिक बैग बरामद हुए, जिनमें चूरा पोस्त भरा था। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे इस खेप को अलवर से दिल्ली ले जा रहे थे। फिलहाल, पुलिस ने वाहन और नशीले पदार्थ को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।


#NuhPolice #DrugBust #HaryanaNews #DrugTrafficking #CrimeUpdate #AntiNarcotics #MewatNews #RajasthanSmugglers #DanikKhabar

Previous

दिल्ली में काशी की तर्ज पर यमुना घाटों के कायाकल्प की तैयारी: यमुना बाजार से तीर्थ पुरोहितों को हटने का नोटिस

Next

अम्बाला: नशे के खिलाफ प्रशासन की 'जीरो टॉलरेंस' नीति; नगराधीश ने एनकोर्ड समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश