दिल्ली-NCR के एयरफोर्स स्कूलों में बम की धमकी: गुरुग्राम में भी बरती गई एहतियात, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नई दिल्ली, 23 फरवरी (अन्नू): दिल्ली-एनसीआर के प्रतिष्ठित स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार निशाने पर दिल्ली स्थित एयरफोर्स और आर्मी के दो बड़े स्कूल रहे। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और एहतियातन गुरुग्राम के एयरफोर्स स्कूल को भी खाली करा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के धौला कुआं स्थित आमी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड स्थित एयरफोर्स बाल भारती स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। हालांकि, ई-मेल में किसी विशेष स्कूल का नाम स्पष्ट नहीं था, लेकिन दिल्ली-एनसीआर के सैन्य स्कूलों का जिक्र होने के कारण सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षा की दृष्टि से गुरुग्राम के राजीव चौक स्थित एयरफोर्स स्कूल को भी तुरंत खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।

धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम और दिल्ली में बम निरोधक दस्ते (BDDS) और डॉग स्क्वायड की तैनाती की गई। एयरफोर्स ने अपने स्तर पर भी सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी जांच-पड़ताल के बाद भी अब तक किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल अब उस ई-मेल के सोर्स की तलाश कर रही है ताकि शरारती तत्वों को पकड़ा जा सके।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और यह धमकी भी पिछली घटनाओं की तरह 'फेक' (Hoax) प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के किसी स्कूल को सीधे तौर पर धमकी नहीं मिली थी, केवल एहतियात के तौर पर कदम उठाए गए। वहीं, एफएसओ जयनारायण ने बताया कि उनकी टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं, हालांकि स्कूल प्रबंधन ने अभी तक स्थानीय प्रशासन से अतिरिक्त सहायता नहीं मांगी है।

#DelhiNews #GurugramNews #AirForceSchool #BombThreat #DelhiNCR #SecurityAlert #BreakingNews #SchoolSafety

Previous

अंबाला सिटी: जग्गी कॉलोनी में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर, छतों से भागते समय हुआ घायल

Next

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी: नालागढ़ ब्लास्ट के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आतंकी संगठन से जुड़े हैं तार