दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹27 लाख की प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 मार्च (अन्नू): दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध ई-सिगरेट तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड और फ्लेवर की 2073 प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी बाजार में कीमत 27 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। यह ऑपरेशन युवाओं में बढ़ते निकोटीन के नशे और अवैध बाजार पर लगाम लगाने के लिए चलाया गया था। इस मामले में पुलिस ने दिल्ली और हरियाणा के बल्लभगढ़ से कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पिछले काफी समय से इस काले कारोबार में संलिप्त थे।
पुलिस की कार्रवाई की शुरुआत 25 मार्च 2026 को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर हुई। हेड कांस्टेबल रामकेश को सूचना मिली थी कि दक्षिण दिल्ली के सी.आर. पार्क स्थित एक पान की दुकान पर अवैध रूप से ई-सिगरेट बेची और स्टोर की जा रही है। एसीपी सतेंद्र मोहन और इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर 'स्मोक एन पफ' नामक दुकान पर छापा मारा गया। वहां से 53 प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुईं और दुकान के मैनेजर विकास को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में विकास ने बताया कि यह दुकान ऋत्विक बहल की है, जिसके बाद ऋत्विक के ग्रेटर कैलाश स्थित घर पर छापेमारी कर वहां से भी भारी मात्रा में अवैध माल बरामद किया गया।
मामले की गहराई से जांच और ऋत्विक से हुई कड़ी पूछताछ में इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सप्लायर का खुलासा हुआ। ऋत्विक ने बताया कि वह हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी जीशान उर्फ जस्सू से यह माल मंगवाता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीशान को ट्रेस किया और उसे धर दबोचा। जीशान के बल्लभगढ़ स्थित लक्ष्मण नगर स्थित घर पर जब छापेमारी की गई, तो वहां से 20 कार्टन में भरी हुई 2000 ई-सिगरेट बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इन ई-सिगरेट को करीब 800 से 900 रुपये में खरीदता था और मुनाफा कमाकर आगे बेचता था, जबकि रिटेलर इसे आम जनता और युवाओं को भारी मुनाफे पर बेचते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास (33), ऋत्विक बहल (25) और जीशान (24) के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य सप्लायर जीशान बी.कॉम पास आउट है और पेशे से डेटा एनालिस्ट था, लेकिन उसने मोटी कमाई के लालच में अपनी नौकरी छोड़कर अवैध ई-सिगरेट का कारोबार शुरू कर दिया। वहीं ऋत्विक बहल एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखता है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ 'प्रॉहिबिशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट एक्ट 2019' के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
#DelhiPolice #CrimeBranch #ANTF #BreakingNews #DainikKhabar #ECigaretteBust #DelhiNews #Ballabgarh #HaryanaNews #DrugFreeIndia #PoliceAction #SmugglingNetwork #NicotineAddiction #LegalAction #LatestUpdate