अम्बाला में 15 से 22 नवम्बर तक रहेगी 'हिंद की चादर' गुरु तेग बहादुर जी की यात्रा, PM मोदी कुरुक्षेत्र में होंगे मुख्य अतिथि
जे कुमार, अम्बाला 5 नवम्बर - मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह ने बताया कि हिंद की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी दिवस को पूरे प्रदेश मे श्रद्धाभाव के साथ मनाने का काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में यात्राओं का आयोजन करते हुए सर्वसमाज को गुरू तेग बहादुर जी के अदम्य साहस, उनके बलिदान बारे जानकारी दी जाएगी।
इसी कड़ी में 15 नंबवर को पंचकूला श्री नाडा साहिब गुरूद्वारा से यात्रा शुरू होगी जो कि जिला अंबाला में नारायणगढ़ होते हुए दाखिल होगी। यह यात्रा 15 नवंबर से 22 नवंबर तक जिला अंबाला में रहेगी। डा. प्रभलीन सिंह अंबाला शहर के सभागार में जिला प्रशासनिक अधिकारी एवं हरियाणा सिक्ख गुुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यगणों के साथ एक बैठक ले रहे थे।
ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह व एचईआरसी सदस्य मुकेश गर्ग ने इस मौके पर बताया कि हिंद की चादर श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350 वें शहीदी दिवस को पूरे प्रदेश में श्रद्धाभाव के साथ मनाने का काम किया जा रहा है इसके तहत 1 नवंबर से 25 नंवबर तक विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के माध्यम से उनके अदम्य साहस व बलिदान के बारे जानकारी दी जा रही है। सरकार द्वारा उनका शहीदी दिवस बड़े ही उच्चस्तर पर मनाने का काम किया जा रहा है, 25 नंवबर को कुरूक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शिरकत करेंगे।
ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह व एचईआरसी सदस्य मुकेश गर्ग ने इस मौके पर यह भी बताया कि यह यात्रा 15 नवम्बर से 22 नवम्बर तक जिला अम्बाला में ही रहेगी, 15 से 17 नवम्बर तक पंजोखरा साहिब गुरूद्वारा में, 18 से 20 नवम्बर तक मंजी साहिब गुरूद्वारा में, 21 नवम्बर को लखनौर साहिब में यात्रा का रात्रि ठहराव रहेगा। 22 नवम्बर को यह यात्रा यहां से शाहबाद के लिए रवाना होगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों से अपील की कि वे रूपरेखा तैयार करें कि जिला अम्बाला में जितने दिन यात्रा रहेगी, उसका आगमन कहां-कहां होगा। रूटचार्ट तैयार रखें और उस बारे सीईओ जिला परिषद को अवगत करवाएं ताकि जिला प्रशासन के सहयोग से सभी जगहों पर यात्रा का भव्य आयोजन करवाया जा सके। उन्होने यह भी कहा कि यात्रा के आयोजन के दौरान मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाए। जो भी यात्रा में शामिल हों वह सिर पर रूमाला रखें, इसके साथ-साथ जहां-जहां से यात्रा निकाली जाएगी वहां पर साफ-सफाई व्यवस्था व यदि कहीं पर सडक़ पर गड्ढे है उन्हें दुरूस्त किया जाए। इसके अलावा पुलिस व्यवस्था, एबुंलेस, मैडिकल टीम, यातायात व्यवस्था, फायर बिग्रेड की गाड़ी के साथ-साथ जो अन्य आवश्यक सभी कार्य हैं, वे सभी होने चाहिए ताकि सभी जगहों पर यात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया जा सके।
ओएसडी डा. प्रभलीन सिंह व एचईआरसी सदस्य मुकेश गर्ग ने यह भी बताया कि यात्रा के दौरान सैंट आर्ट शो, लाईट एंड साउंड शो तथा गुरू तेग बहादुर जी के जीवन पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। उन्होने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान जो भी रूट तय होगा वहां पर यदि रास्ते में कोई शराब का ठेका, मीट की दुकान होगी वह बंद रहेगी। इसके साथ-साथ कोई भी तम्बाकू का सेवन न हो, इस बात को भी ध्यान में रखा जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा गुरू तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के विश्वविद्यालयों मे सेमिनार के आयोजन के साथ-साथ स्कूलों में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं ताकि युवा पीढ़ी के साथ-साथ सभी को गुरू तेग बहादुर जी के इतिहास के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि हम सबको बेहतर समन्वय बनाकर जिला अम्बाला में यात्रा का सफलतापूर्वक आयोजन करवाना है। यात्रा के सफलतापूर्वक आयोजन के दृष्टिगत 6 नवम्बर को बाद दोपहर पंचायत भवन के सभागार में सीईओ जिला परिषद की अध्यक्षता में हरियाणा सिक्ख गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ एक बैठक भी होगी।