दिल्ली क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन: 1 लाख का इनामी गैंगस्टर 'सौरभ लेफ्टी' देहरादून से गिरफ्तार, मर्डर और गैंगवार में था फरार
नई दिल्ली, 8 अप्रैल (अन्नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (NDR टीम) ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सक्रिय एक हिंसक गैंग का सफाया करते हुए उसके सरगना सौरभ उर्फ लेफ्टी और उसके करीबी सहयोगी अभिषेक उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया है। सौरभ लेफ्टी पिछले 6 महीनों से फरार चल रहा था और उस पर दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। यह गिरफ्तारी नवंबर 2025 में कालिंदी कुंज इलाके में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड और गैंगवार के मामले में की गई है।
देहरादून में टैक्सी ड्राइवर बनकर छिपा था गैंगस्टर
डीसीपी पंकज कुमार के अनुसार, आरोपी सौरभ गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी मुखबिरों की मदद से उसका पीछा किया। अंततः 5 और 6 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात को पुलिस ने देहरादून (उत्तराखंड) में एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर उसे धर दबोचा। वहां वह अपनी पहचान छिपाकर एक टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी में टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था।
गैंगवार: 'लेफ्टी' बनाम 'रंजन' गैंग की खूनी दुश्मनी
पुलिस जांच में पता चला कि कालिंदी कुंज इलाके में सौरभ लेफ्टी और रंजन गैंग के बीच वर्चस्व की खूनी लड़ाई चल रही है। नवंबर 2025 में रंजन गैंग के लोगों ने सौरभ के दोस्त के घर पर फायरिंग की थी। इसका बदला लेने के लिए सौरभ के गैंग ने रंजन के करीबियों पर जानलेवा हमला किया, जिसमें विकास नाम के युवक की मौत हो गई थी और अतुल गंभीर रूप से घायल हुआ था।
सहयोगी 'भोला' भी संगम विहार से दबोचा गया
सौरभ से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके खास गुर्गे अभिषेक उर्फ भोला का पता लगाया। पुलिस ने दिल्ली के संगम विहार इलाके में छापेमारी कर 7 अप्रैल 2026 की सुबह उसे भी गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक पहले सब्जी का ठेला लगाता था, लेकिन बाद में अपराध की दुनिया में कदम रखते ही लेफ्टी गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया।
अपराधिक इतिहास: प्रिंस तेवतिया गैंग से है संबंध
आरोपी सौरभ उर्फ लेफ्टी कालिंदी कुंज थाने का घोषित 'बैड कैरेक्टर' (BC) है। वह हत्या के प्रयास, लूट और दंगों जैसे 4 से अधिक जघन्य मामलों में शामिल रहा है। वह कुख्यात प्रिंस तेवतिया गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके लिए काम करता है। खास बात यह है कि सौरभ का भाई अमन और सिद्धू भी हत्या और हत्या के प्रयास के मामलों में जेल में बंद हैं।
#DelhiPolice #CrimeBranch #GangsterArrested #SaurabhLefty #DelhiCrime #Encounter #BreakingNews #Dehradun #LawAndOrder #SouthEastDelhi #DanikKhabar
Previous
टोल प्लाजा पर 10 अप्रैल से नकद भुगतान बंद: बिना फास्टैग वाले वाहनों को UPI से देना होगा 1.25 गुना शुल्क
Next