दुबई से जुड़े हैं तार: दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र में छापा मारकर पकड़े 5 साइबर ठग, करोड़ों के ट्रांजेक्शन का खुलासा
नई दिल्ली, 28 मार्च (अन्नू): दिल्ली पुलिस की साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर सेल ने निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से 5 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह स्टॉक मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान श्रीधर दिलीप इंगले (25), अर्चिरयन गोराक्ष कांबले (21), अजीज मीरन शेख (25), प्रणव जालिंदर गुलदगड़ (24) और विशाल दुर्गादास बाचल (25) के रूप में हुई है।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले एक व्यक्ति, जो वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं, ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि 'नेक्स्ट बिलियन टेक्नोलॉजी' नामक एक फर्जी कंपनी के जरिए उन्हें स्टॉक मार्केट में निवेश करने का झांसा दिया गया। ठगों ने परिणीति जैन नाम की एक महिला और उसके सहयोगियों के जरिए उनसे संपर्क किया और ऊंचे रिटर्न का लालच देकर उनसे कुल 12,22,670 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब पैसे वापस नहीं मिले, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
एसीपी संघमित्रा और एसएचओ प्रवेश कौशिक के नेतृत्व में गठित एसआई सोमबीर और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच की। पुलिस की जांच का डिजिटल सिरा महाराष्ट्र के श्रीरामपुर पहुंचा, जहां छापेमारी कर मुख्य आरोपी श्रीधर दिलीप इंगले को दबोच लिया गया। पूछताछ में श्रीधर ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह दुबई में बैठे अपने साथी 'चैतन्य' को कमीशन पर 'म्यूल बैंक अकाउंट' (किराए के खाते) उपलब्ध करवाता था। उसकी निशानदेही पर उसके अन्य चार साथियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लोगों से बैंक खाते अरेंज करने में उसकी मदद करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन और 35 ऐसे बैंक खातों की जानकारी बरामद की है, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए किया जा रहा था। जांच में पता चला है कि इन खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों में करोड़ों रुपये का फ्रॉड किया गया है और ये आरोपी एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 18 अन्य शिकायतों से भी जुड़े पाए गए हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस इस सिंडिकेट के दुबई कनेक्शन और मुख्य सरगना चैतन्य की तलाश में जुट गई है।
#CyberCrime #InvestmentFraud #DelhiPolice #SouthWestCyberCell #BreakingNews #DanikKhabar #DubaiConnection #StockMarketScam #OnlineFraud #Awareness #MaharashtraPolice #CyberSecurity #NCRP #ActionAgainstFraud #DigitalIndiaSafety