कुरुक्षेत्र: रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग महिला से लूट, बाइक सवार बदमाशों ने छीनी सोने की बाली
हरियाणा/कुरुक्षेत्र, 14 मार्च (अन्नू): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ईशरगढ़ गांव में शाम की सैर पर निकली एक 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए दो बाइक सवार युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरों ने पहले महिला से रास्ता पूछने का नाटक किया और फिर मौका पाकर उनके कान से सोने की बाली झपट ली। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित बुजुर्ग महिला जसपाल कौर ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह 13 मार्च की शाम करीब 4:15 बजे अपने घर के पास टहल रही थीं। जब वह पड़ोसी के मकान के पास पहुंचीं, तभी मुंह ढके हुए दो युवक मोटरसाइकिल पर वहां आए। पीछे बैठे युवक ने उनसे 'छपरा-छपरा' गांव का मार्ग पूछा। जैसे ही महिला ने उन्हें रास्ता बताया, आरोपी ने अचानक उनके हाथ पकड़ लिए और बाएं कान की बाली खींच ली। जब उसने दूसरी बाली छीनने का प्रयास किया, तो महिला के शोर मचाने पर वह डरकर भाग निकला।
घटना के समय पास ही कुछ स्थानीय युवक क्रिकेट खेल रहे थे। महिला की आवाज सुनकर उन्होंने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश भी की और भागते हुए लुटेरों पर क्रिकेट की गेंद भी फेंकी, लेकिन आरोपी तेजी से मोटरसाइकिल भगाकर ओझल हो गए। बताया जा रहा है कि छीनी गई बाली का वजन लगभग 5 ग्राम था। ग्रामीणों का कहना है कि ये संदिग्ध युवक पिछले दो दिनों से गांव की गलियों में रेकी कर रहे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे।
वारदात के बाद आरोपियों के भागने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने जसपाल कौर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों को सलाखें के पीछे भेजा जाएगा।
#KurukshetraNews #HaryanaCrime #SnatchingCase #ElderlySafety #PoliceInvestigation #Ishargarh #CrimeUpdate #DanikKhabar #Kurukshetra