नारायणगढ़ अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू, 171 किसानों को पास किए जारी
जे कुमार, नारायणगढ़, 23 सितंबर - अनाज मंडी नारायणगढ़ में आज से धान की सरकारी खरीद कार्य का शुभारंभ हुआ। खरीद कार्य का शुभारंभ पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अम्बली, मार्किट कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा, खरीद एजेंसी हैफेड के अधिकारी तथा आढ़ती मदन चानना, ओमप्रकाश चानना सहित अन्य आढ़ती उपस्थित रहे।
डॉ. पवन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों के हित सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री ने पहले नवरात्रि पर ही धान की खरीद शुरू करवा कर किसानों को तोहफा दिया है, जबकि सामान्यतः धान खरीद सीजन 1 अक्तूबर से आरंभ होता है। यह निर्णय किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने खरीद एजेंसी के अधिकारियों को कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए और पारदर्शिता व सुगमता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में बिजली, पानी, साफ सफाई आदि की बेहतर व्यवस्था हो इस बारे में पहले ही सरकार द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
मार्किट कमेटी के सचिव अखिलेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नारायणगढ़ अनाज मंडी एवं खरीद केन्द्र भरेड़ी व बेरखेड़ी में धान की आमद शुरू हो चुकी है। आज पहले दिन शाम तक 171 किसानों के 7,883 क्विंटल धान के गेट पास ऑनलाइन माध्यम से जारी हुए है।
उन्होंने बताया कि मंडी में किसानों की सुविधा के लिए बिजली-पानी की बेहतर आपूर्ति की व्यवस्था की गई है, साथ ही अटल कैंटीन भी खोली गई है। सचिव अखिलेश शर्मा ने यह भी बताया कि मंडी में 17% नमी तक धान की खरीद की जाएगी। यहां ग्रेड ए/पैड़ी कॉमन धान आता है, जिसका एमएसपी ₹2,389 प्रति क्विंटल है।
#government #procurement #narayangarh #grain-market