36 साल बाद कश्मीरी पंडितों के हत्यारोपियों पर शिकंजा: एसआईए ने 9 ठिकानों पर की छापेमारी

जे कुमार श्रीनगर, 13 अगस्त 2026 : घाटी में नब्बे के दशक के दौरान हुए आतंकवाद और लक्षित हिंसा (Targeted Violence) के मामलों में जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। 1990 में कश्मीरी पंडितों की हुई निर्मम हत्याओं की निष्पक्ष जांच के तहत एसआईए ने राज्य के 9 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

ANI News

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 1990 में अनंतनाग के सोफ शाली (कोकरनाग) निवासी प्रसिद्ध कश्मीरी पंडित लेखक, कवि व समाजसेवी सर्वानंद कौल प्रेमी और उनके 27 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कौल के अपहरण और दोहरे हत्याकांड से जुड़ी है। 29 अप्रैल 1990 की रात आतंकवादियों ने दोनों का उनके घर से अपहरण कर लिया था और प्रताड़ित करने के बाद हत्या कर दी थी |

इस मामले की फाइलों को नए सिरे से खंगालते हुए एसआईए की टीमों ने पुलिस और पैरामिलिट्री बलों के साथ मिलकर कश्मीर घाटी के 8 स्थानों और जम्मू के बागे बहू क्षेत्र में संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की। जांच टीम का मकसद इस जघन्य हत्याकांड में शामिल साजिशकर्ताओं और उनके सहयोगियों के खिलाफ सबूत जुटाकर केस को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाना है।

प्रशासन द्वारा 36 साल पुराने मामलों में फिर से जांच शुरू किए जाने और लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से उन कश्मीरी पंडित परिवारों को न्याय मिलने की एक नई उम्मीद जगी है, जिन्होंने आतंकवाद के उस काले दौर में अपने परिजनों को खोया था |

#JammuKashmir #SIARaids #KashmiriPandit #SrinagarNews #Anantnag #JKPolice #JusticeForKashmiriPandits #BreakingNewsJK

Previous

मुंबई की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग: 2 लोगों की मौत, कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया

Next

जींद में राजस्थान पुलिस पर पथराव: साइबर ठग को पकड़ने गई टीम पर हमला, पथराव कर आरोपी को छुड़ाया