जींद में राजस्थान पुलिस पर पथराव: साइबर ठग को पकड़ने गई टीम पर हमला, पथराव कर आरोपी को छुड़ाया
जे कुमार जींद/सफीदों, 13 अगस्त 2026 : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों उपमंडल के तहत आने वाले गांव मलिकपुर में राजस्थान पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला और पथराव का गंभीर मामला सामने आया है। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने आई राजस्थान पुलिस पर ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों ने हमला बोल दिया और आरोपी को पुलिस की हिरासत से छुड़ाकर फरार कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भरतपुर जिले की कामां थाना पुलिस साइबर क्राइम के एक मामले की जांच करते हुए जींद के सफीदों पहुंची थी। पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना मलिकपुर गांव में दबिश दी और वांछित आरोपी को हिरासत में ले लिया। जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगी, परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया।
देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए और सिपाही के साथ हाथापाई की गई। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस कस्टडी से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही सफीदों थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। राजस्थान पुलिस के सिपाही की शिकायत पर सफीदों पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों तथा 15-20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और आरोपी को भगाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
#JindNews #SafidonNews #HaryanaPolice #RajasthanPolice #CyberCrime #HaryanaNews #BreakingNewsJind #JindUpdate
Previous
36 साल बाद कश्मीरी पंडितों के हत्यारोपियों पर शिकंजा: एसआईए ने 9 ठिकानों पर की छापेमारी
Next