प्रधानमंत्री ने तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया
आरएस अनेजा, 30 जून नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पीएमओ इंडिया के हैंडल से एक्स पर पोस्ट में कहा गया:
"तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे:
गौरतलब है कि तेलंगाना में संगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री के रिएक्टर में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हुए थे। विस्फोट के कारण फैक्ट्री के कुछ हिस्सों में भीषण आग लग गई।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भी इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है।