भारत ने जर्मनी और इंडोनेशिया के साथ पर्यटन और सतत् यात्रा को बढ़ावा देने के लिए आईटीबी बर्लिन 2026 में द्विपक्षीय बैठकें कीं
आरएस अनेजा, 10 मार्च नई दिल्ली - भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने 3 से 5 मार्च तक जर्मनी के मेस्से बर्लिन में आयोजित आईटीबी बर्लिन 2026 में भाग लिया। विश्व के अग्रणी यात्रा व्यापार मेले के रूप में, आईटीबी बर्लिन (इंटरनेशनल टूरिज्म-बोर्स बर्लिन) वैश्विक पर्यटन उद्योग के लिए मिलने जुलने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जो भारत के यात्रा उद्योग से जुड़े हितधारकों को नेटवर्किंग और आदान-प्रदान का एक ज़रुरी मंच प्रदान करता है।
भारत ने देश भर से डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियों (डीएमसी), होटल व्यवसायियों, राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों और टूर ऑपरेटरों के एक महत्वपूर्ण प्रतिनिधिमंडल के साथ भाग लिया। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने जर्मनी में भारतीय राजदूत अजीत गुप्ते की मौजूदगी में किया।
इसके अलावा, लोगों के बीच के संबंधों को मजबूत करने के मकसद से, केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने इंडोनेशिया की पर्यटन मंत्री महामहिम सुश्री विदियंती पुत्री वर्धना और जर्मनी के संघीय सरकार के पर्यटन आयुक्त डॉ. क्रिस्टोफ प्लोस के साथ सार्थक द्विपक्षीय बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन प्रवाह को बढ़ाने, सतत् यात्रा को बढ़ावा देने, हवाई संपर्क का विस्तार करने और दोनों देशों के बीच लोगों में आपसी संबंधों को गहरा करने पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन (यूएनडब्ल्यूटीओ) की महासचिव सुश्री शेखा अल नोवाइस से भी मुलाकात की और सतत् पर्यटन विकास और पुनर्योजी पर्यटन को बढ़ावा देने के विभिन्न तरीकों पर विचार-विमर्श किया।