हरियाणा में आज हिली धरती: रेवाड़ी रहा भूकंप का केंद्र, गुरुग्राम समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके
हरियाणा, 09 मार्च (अन्नू): आज सुबह हरियाणा के कई हिस्सों में भूकंप की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई। विशेष रूप से रेवाड़ी और गुरुग्राम में झटके इतने स्पष्ट थे कि घरों में लगे पंखे और अन्य सामान हिलने लगे। डर के मारे लोग तुरंत अपने घरों और ऊंची इमारतों से बाहर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल आए।
नेशनल सेंटर फॉर सिसमोलॉजी (NCS) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र रेवाड़ी में जमीन के महज 5 किलोमीटर अंदर था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 दर्ज की गई। भूकंप का सही समय सुबह 7 बजकर 1 मिनट रहा। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन सुबह-सुबह आई इस हलचल ने सबको चौंका दिया।
वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो धरती की ऊपरी सतह मुख्य रूप से सात बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों से बनी है। ये प्लेटें निरंतर गतिमान रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या रगड़ खाती हैं, तो भारी दबाव बनता है। इस दबाव के कारण जब ऊर्जा अचानक बाहर निकलती है, तो पृथ्वी की सतह पर कंपन महसूस होता है, जिसे हम भूकंप कहते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तराखंड के देहरादून से लेकर हरियाणा के महेंद्रगढ़ तक जमीन के नीचे एक 'फॉल्ट लाइन' सक्रिय है। इस रेखा के पास प्लेटों की हलचल अक्सर कंपन पैदा करती है। यही कारण है कि हरियाणा और इसके सीमावर्ती इलाकों में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं।
#HaryanaNews #Earthquake #Rewari #Gurugram #BreakingNews #LiveUpdate #Seismology #SafetyFirst #FaultLine