HCS परीक्षा: फरीदाबाद में पकड़ा गया फर्जी छात्र, करनाल में देरी से एक अभ्यर्थी हुआ बाहर
हरियाणा, 26 अप्रैल (अन्नू): हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा आयोजित HCS (Executive & Allied Services) प्रारंभिक परीक्षा के दौरान फरीदाबाद में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सेक्टर-7C स्थित केएल महता दयानन्द पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक युवक दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुँचा था, लेकिन बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन ने उसकी पोल खोल दी। जब युवक के फिंगरप्रिंट सिस्टम से मेल नहीं खाए, तो उसे अलग खड़ा कर दिया गया। बार-बार प्रयास करने के बावजूद पहचान सत्यापित न होने पर अधिकारियों का शक गहरा गया।
दोस्त की जगह परीक्षा देने आया था आरोपी
कड़ी पूछताछ के बाद खुलासा हुआ कि पकड़ा गया युवक रोहतक के करौंथा गांव का रहने वाला माधव है, जो अपने दोस्त विशाल (निवासी- मनीला गांव, रोहतक) की जगह पेपर देने आया था। परीक्षा केंद्र के आसपास ही छिपे बैठे विशाल को भी पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया। फरीदाबाद प्रशासन ने कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और बायोमेट्रिक प्रणाली जैसी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी, जिसके चलते यह फर्जीवाड़ा विफल हो गया। डीसी आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फरीदाबाद के 80 केंद्रों पर कुल 22,776 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
करनाल में महज 15 मिनट की देरी ने तोड़े छात्र के सपने
एक ओर जहाँ फर्जीवाड़े के मामले सामने आए, वहीं दूसरी ओर करनाल में एक होनहार अभ्यर्थी अपनी नियति के कारण परीक्षा से वंचित रह गया। पानीपत के डूमियाना गांव निवासी सचिन परीक्षा देने के लिए घर से समय पर निकला था, लेकिन रास्ते में उसकी बाइक का टायर पंक्चर हो गया। इस अनहोनी ने उसे इतना पीछे कर दिया कि वह केंद्र तक पहुँचने में 10 से 15 मिनट की देरी कर बैठा। केंद्र पर पहुँचते ही गेट बंद हो चुके थे। सचिन ने स्टॉफ और पुलिस से करीब 30 मिनट तक प्रवेश के लिए गुहार लगाई, लेकिन कड़े नियमों के चलते उसे एंट्री नहीं मिली और मायूस होकर उसे घर लौटना पड़ा।
#HCSExam #HaryanaPublicServiceCommission #ExamFrauds #FaridabadNews #KarnalNews #CompetitiveExams #BioMetricSecurity #DanikKhabar
Previous
दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 5 करोड़ की कोकीन बरामद
Next