दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 5 करोड़ की कोकीन बरामद
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (अन्नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की अंतरराज्यीय सेल (ISC) ने ड्रग तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने बरेली स्थित एक ड्रग सिंडिकेट को ध्वस्त करते हुए करीब आधा किलो (456 ग्राम) उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन (क्रैंक) जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह नशा दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में खपाया जाने वाला था।
कैसे बिछाया गया जाल और हुई गिरफ्तारी
इस ऑपरेशन को इंस्पेक्टर सतेन्द्र खारी की टीम ने एसीपी रमेश लांबा की देखरेख में अंजाम दिया। 10 अप्रैल 2026 को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के गाजीपुर गोलचक्कर के पास बरेली निवासी जावेद हुसैन (29) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 456 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पूछताछ के दौरान जावेद हुसैन ने खुलासा किया कि उसे यह ड्रग्स बरेली के सोएब खान ने दी थी। जावेद की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की टीम ने बरेली की स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 22 अप्रैल 2026 को छापा मारा और मुख्य सप्लायर सोएब खान (25) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पृष्ठभूमि और आगे की जांच
पकड़े गए दोनों आरोपी, जावेद हुसैन और सोएब खान, अनपढ़ हैं। जावेद दिल्ली की एक जींस फैक्ट्री में काम करता था, जबकि सोएब बरेली का रहने वाला है। फिलहाल, दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) आदित्य गौतम ने बताया कि सोएब खान अभी पुलिस रिमांड पर है। इस ड्रग सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
#DelhiPolice #CrimeBranch #DrugBust #NarcoticsControl #DanikKhabar #DelhiNCR #AntiDrugOperation #BareillyDrugSyndicate
Previous
दिल्ली: मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव बनकर करते थे नशीली दवाओं की सप्लाई, 3 गिरफ्तार
Next