गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज में एक सप्ताहीय कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ
जे कुमार, अम्बाला 3 अक्तूबर - गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अंबाला छावनी में एक सप्ताहीय कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग आधारित कौशलों से परिचित कराने एवं उन्हें रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
पहले दिन के कार्यक्रम में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। सत्र 1 में एमएसएमई योजनाओं (MSME Schemes) पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया, जिसमें सुश्री मीनू धिमान, सहायक निदेशक, एमएसएमई ने विद्यार्थियों को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने हेतु उपलब्ध अवसरों एवं स्टार्टअप्स के लिए सहायता तंत्र के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
सत्र 2 में "डिजिटल मार्केटिंग का परिचय एवं नवीनतम रुझान" विषय पर विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग की आधुनिक तकनीकों, सोशल मीडिया मार्केटिंग, कंटेंट मार्केटिंग, एवं वर्तमान उद्योग आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। सत्र 3 में "बिज़नेस फोरकास्टिंग यूज़िंग ए.आई" विषय पर व्याख्यान हुआ, जिसे डॉ. राकेश कुमार, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस विभाग, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) किस प्रकार व्यापारिक निर्णय लेने, भविष्य की मांग के अनुमान और रणनीतिक योजना में सहायक सिद्ध हो रही है। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री कमलप्रीत कौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. भारती सुजान ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायक शब्दों के माध्यम से प्रोत्साहित किया और कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों को नयी संभावनाओं और करियर के अवसरों से जोड़ते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशलों की भी आवश्यकता है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता करते हैं और उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सप्ताह भर चलने वाले इन सत्रों में भाग लें और अधिकतम लाभ प्राप्त करें। पूरे दिवस के सत्रों का संकलन डॉ. दिशा अरोड़ा द्वारा किया |
#ambala #news #gandhi-memorial-national-college #skill-development-programme