12/04/26

दिल्ली से लग्जरी कारें चुराकर जयपुर में 'स्वैग' दिखा रहा था जिम ट्रेनर, दिल्ली पुलिस ने दो नई गाड़ियों समेत दबोचा

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (अन्‍नू): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ARSC यूनिट) ने एक हाई-प्रोफाइल ऑटो-लिफ्टर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए जयपुर से एक जिम ट्रेनर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके से चोरी की गई दो ब्रांड न्यू लग्जरी कारें— महिंद्रा स्कॉर्पियो-N और हुंडई क्रेटा बरामद की गई हैं। आरोपी इन चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल अपने जिम क्लाइंट्स पर रौब झाड़ने और उन्हें कम दाम में लग्जरी कारें दिलाने का लालच देने के लिए करता था।



मुखबिर की सूचना पर जयपुर में छापेमारी

क्राइम ब्रांच की टीम को 6 अप्रैल 2026 को हवलदार अनुज के जरिए गुप्त सूचना मिली थी कि मुखर्जी नगर से चोरी हुई एक लग्जरी गाड़ी जयपुर में मौजूद है। सूचना मिलते ही एसीपी संजय कुमार नागपाल और इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। दिल्ली पुलिस की टीम जयपुर पहुँची और स्थानीय पुलिस की मदद से झोटवाड़ा इलाके में छापेमारी कर आरोपी मोहम्मद अशरफ खान को उसके घर से धर दबोचा।


बरामदगी और खुलासा:


बरामद वाहन:

पुलिस ने आरोपी के पास से एक हुंडई क्रेटा (UP14 GM 6XXX) और एक अस्थाई नंबर वाली नई महिंद्रा स्कॉर्पियो-N (T1025HR4XXX) बरामद की है।


सप्लाई नेटवर्क:

पूछताछ में अशरफ ने बताया कि वह ये गाड़ियाँ जयपुर के ही शकील नाम के व्यक्ति से खरीदता था। वह अपने जिम आने वाले ग्राहकों को फंसाता था कि वह उन्हें बहुत कम कीमत पर लग्जरी कारें दिलवा सकता है।


कौन है आरोपी मोहम्मद अशरफ खान?

25 वर्षीय आरोपी अशरफ खान ग्रेजुएट है और जयपुर में एक जिम ट्रेनर के रूप में काम करता है। बचपन में माता-पिता के अलग होने के कारण वह अपने नाना-नानी के पास रहता है। जिम में आने वाले लोगों के बीच अपनी रईसी दिखाने और डिमांड पर चोरी की गाड़ियाँ सप्लाई करने के चक्कर में वह अपराध की दुनिया में उतर गया। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना शकील की तलाश में जुटी है।


दर्ज मामले:

पुलिस ने आरोपी को BNSS की धारा 35(1)(e) के तहत गिरफ्तार किया है। बरामद गाड़ियाँ दिल्ली के मुखर्जी नगर थाने में दर्ज ई-एफआईआर (030046/2025 और 029528/2025) से संबंधित हैं।



#DelhiPolice #CrimeBranch #AutoLifter #JaipurNews #LuxuryCarTheft #GymTrainerArrested #DelhiCrime #MukherjeeNagar #ScorpioN #CretaTheft #DanikKhabar

Previous

14 साल से फरार यूपी का खूंखार गैंगस्टर अर्जुन पासी गिरफ्तार, दिल्ली क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी कामयाबी

Next

आज का राशिफल (12 अप्रैल 2026)