400 दिन बाद खुला शंभू-अंबाला हाइवे, अम्बाला उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ लिया जायजा
अम्बाला, 20 मार्च (अभी): अमृतसर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग अम्बाला स्थित शंभू बैरियर को खोलने के दृष्टिगत वीरवार को उपायुक्त अजय सिंह तोमर व पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह ने संबधित अधिकारियों के साथ शुंभू बैरियर का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने यहां पर एनएचएआई व लोक निर्माण विभाग द्वारा बैरीगेट हटवाने के तहत जो कार्यवाही की जा रही थी उसका भी जायजा लिया और इस कार्य के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने शंभू बैरियर का जायजा लेते हुए लोक निर्माण विभाग व एनएचएआई विभाग से संबधित मौके पर उपस्थित अधिकारियों से जानकारी ली कि यहां पर कंकरीट/बैरीगेट हटाने के लिए कितनी मशीनरी उपलब्ध है तथा यह कार्य कब पूर्ण किया जा सकता है उसकी जानकारी ली। उन्होंने यह भी कहा कि कंकरीट/बैरीगेट हटाते हुए इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि ब्रिज को कोई हानि ना हो। उन्होंने मौके पर उपस्थित ब्रिज कांन्सेनटल व सेफ्टी के तहत उपस्थित अधिकारियों से भी बातचीत करते हुए ब्रिज पर बैरीगेट हटाने को लेकर जो कार्रवाही की जा रही उसकी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने इस पूरे कार्य के तहत लोक निर्माण विभाग के अधिकारीगण व एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर रहते हुए इन कार्यो को करवाने के निर्देश दिए।
एनएचएआई से आए अधिकारी पुलकित कटारिया ने उपायुक्त को अवगत करवाते हुए बताया कि लोक निर्माण विभाग के संयुक्त प्रयासों से यहां पर कंकरीट/बैरीगेट को हटाने का कार्य कल रात से किया जा रहा हैं। यहां पर इस कार्य को जेसीबी, हाईड्रा, ब्रेकर, पोकलेंन, ट्रक-टिप्पर इत्यादि मशीनों से किया जा रहा है तथा इस कार्य को तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में तेजी से किया जा रहा है। कंकरीट/बैरीगेट हटाने के तहत ब्रिज पर ब्रिज कास्टेंल व सेफ्टी का भी ध्यान भी रखा जा रहा है, ताकि किसी प्रकार से ब्रिज को कोई क्षति न पहुंचे। उपायुक्त ने कहा कि इस कार्य के तहत जो भी लेन खोली जाएगी, यानि सडक़ पर पार्टिशन करते हुए सैफ्टी कोन भी लगाए जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सकें।
उपायुक्त ने इस मौके पर यह भी बताया कि सम्बधिंत टीमें बेहतर तरीके से कंकरीट बैरीगेट को हटाने का कार्य कर रही है। सम्बधिंत टीमों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जल्द ही एक लेन को यातायात के लिए सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा और दूसरी लेन को जल्द ही खोल दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुुरेन्द्र सिंह ने भी बताया कि यातायात सुचारू रूप से चले इसके लिए यहां पर पुलिस की मौजूदगी में बैरीगेट हटाने का कार्य किया जा रहा हैं। जल्द ही बैरीगेट को हटाते हुए यातायात को सुचारू कर कर दिया जाएगा।
यहां बता दें कि पंजाब सरकार एवं प्रशासन की तरफ से रास्ता खुलवाने के बाद अब शम्भू बैरियर पर भी रास्ता खोलने को लेकर कार्रवाई की जा रही हैं।
इस मौके पर एसडीएम दर्शन कुमार, अधीक्षक अभियन्ता लोक निर्माण विभाग हरपाल सिंह, कार्यकारी अभियन्ता रितेश अग्रवाल, एनएचएआई से पुलकीत कटारिया, डीएसपी रमेश कुमार, डीएसपी रजत गुलिया, डीएसपी विजय कुमार के साथ-साथ अन्य सम्बधिंत अधिकारीगण मौजूद रहें।