मेरी सहेली कार्यक्रम के तहत महिला यात्रियों की सुरक्षा को समर्पित किया जागरूक
जे कुमार, अम्बाला 23 सितम्बर - रेलवे सुरक्षा बल द्वारा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन अंबाला छावनी पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम खासतौर पर अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें उपलब्ध सहायता सेवाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिला यात्रियों को रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, "प्रोजेक्ट सहेली", और अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी देना था, ताकि वे अपनी रेल यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा या आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
इस नाटक का मंचन आकाश शर्मा रंगमंच द्वारा किया गया। विभिन्न स्कूलों और इड्रिश फाउंडेशन से आईं 20 छात्राओं ने भाग लिया और दर्शकों को यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा सिर्फ एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक सामाजिक ज़िम्मेदारी है। नाटक में दिखाया गया कि एक अकेली महिला यात्री किन-किन परिस्थितियों से गुजर सकती है और रेलवे सुरक्षा बल कैसे उनकी सहायता के लिए तत्पर रहती है।
कार्यक्रम का संचालन व पर्यवेक्षण रेलवे सुरक्षा बल के पोस्ट प्रभारी रविंद्र सिंह द्वारा किया गया, जिनके नेतृत्व में अंबाला रेलवे सुरक्षा बल टीम ने पूरी सक्रियता के साथ आयोजन को सफल बनाया। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने न केवल यात्रियों को हेल्पलाइन नंबर और "मेरी सहेली" परियोजना के बारे में जानकारी दी, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास से यात्रा करने के लिए प्रेरित भी किया।
"मेरी सहेली" प्रोजेक्ट विशेष रूप से महिला यात्रियों के लिए शुरू की गई एक पहल है, जिसके तहत रेलवे सुरक्षा बल की महिला अधिकारीगण ट्रेन में चढ़ने से लेकर गंतव्य तक महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। यह पहल अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी जागरूकता अभियान की सराहना की और इसे एक सकारात्मक कदम बताया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना हिचकिचाहट के हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें और अपने आस-पास किसी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रिपोर्ट करें।
इस जागरूकता कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि रेलवे न केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुँचाने का माध्यम है, बल्कि उनकी सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहा है |
#ambala #news #railwaystation #awarness